मुंबई (सं.भा.): महानगर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कांदिवली स्थित बीएमसी के शताब्दी अस्पताल में एक महिला सफाई कर्मचारी के साथ दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर कांदिवली पुलिस ने अस्पताल के एक कर्मचारी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार शताब्दी अस्पताल में कार्यरत एक सफाई कर्मचारी युवती ने आरोप लगाया है कि अस्पताल के ब्लड बैंक विभाग में काम करने वाले स्टाफ अजय पाटेकर ने उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। घटना के बाद पीड़िता ने कांदिवली पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि घटना के समय आरोपी नशे में था या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए उसका ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही पीड़िता की शिकायत से संबंधित पूरी रिपोर्ट और दस्तावेज अस्पताल प्रशासन की ओर से उच्च अधिकारियों को भेज दिए गए हैं। पीड़िता के अनुसार आरोपी अस्पताल यूनिट के कर्मचारी संगठन से भी जुड़ा हुआ है और यूनियन लीडर के रूप में काम करता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। कांदिवली पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जांच के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
शताब्दी अस्पताल में सफाई कर्मचारी से दुष्कर्म का प्रयास, ब्लड बैंक कर्मचारी गिरफ्तार
RELATED ARTICLES


