spot_img
Homeउत्तर प्रदेशजरूरतमंद बेटी की शादी में परिवर्तन फाउंडेशन का सहयोग, उपहार में दी...

जरूरतमंद बेटी की शादी में परिवर्तन फाउंडेशन का सहयोग, उपहार में दी सिलाई मशीन

फतेहपुर(सं.भा.) : सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय परिवर्तन फाउंडेशन अपने स्लोगन “बदलो खुद को, बदलो शहर को” को साकार करते हुए लगातार जरूरतमंद लोगों की मदद कर रही है। संस्था गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप सिलाई मशीन प्रदान करती है, ताकि शादी के बाद वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने परिवार का सहारा बनें। इसी क्रम में ग्राम मौहार में एक जरूरतमंद परिवार की बेटी की शादी में संस्था को सहयोग करने का अवसर मिला। गांव के बाबा वन विहारी आश्रम से जुड़े लोगों की प्रेरणा से परिवर्तन फाउंडेशन ने मौहार निवासी कुमारी जूली की शादी में उपहार स्वरूप सिलाई मशीन भेंट कर परिवार का हौसला बढ़ाया। संस्था के इस सहयोग से परिवार के लोगों ने खुशी व्यक्त करते हुए संस्था का आभार जताया। बताया गया कि जूली के पिता स्वर्गीय राम संजीवन यादव का लगभग एक वर्ष पहले निधन हो चुका है। पिता के निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ तब और टूट पड़ा जब उनके भाई सतेंद्र यादव का भी दो महीने बाद निधन हो गया। लगातार हुई इन घटनाओं के कारण परिवार आर्थिक और मानसिक रूप से काफी परेशान था। ऐसी स्थिति में जूली के अविवाहित चाचा राम विशाल यादव ने गांव के कुछ संभ्रांत और सहयोगी लोगों की मदद से शादी की पूरी व्यवस्था करने का जिम्मा उठाया। गांव के लोगों ने भी आगे आकर सहयोग किया, जिससे विवाह का कार्यक्रम संपन्न हो सका। इस अवसर पर संस्था के सलाहकार एडवोकेट दयाराम सिंह, डॉ. राम शरण सिंह परिहार, शिवाधार सिंह परिहार, संतोष सिंह गौतम और राम विशाल सिंह सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने कहा कि समाज में ऐसे प्रयासों से जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिलती है और बेटियों को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरणा मिलती है। संस्था के सदस्यों ने कहा कि परिवर्तन फाउंडेशन भविष्य में भी इसी तरह जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी में सहयोग करता रहेगा और समाजसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाता रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com