- 31 दिसंबर तक चलेगी मुहिम
पालघर (सं. भा.) ‘आयुष्मान भव अभियान’ की शुरुआत पालघर जिले में हो चुकी हैं और यह अभियान 17 सितंबर से 31 दिसंबर तक यानी अगले 4 महीने तक पूरे जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में चलाया जाएगा। आयुष्मान भव अभियान के तहत पालघर जिले के केलवे, सायवन, सातपाटी और कुछ अन्य स्थानों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में गर्भवती और स्तनदा माताओं के लिए एक विशेष साप्ताहिक स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया। मेले में सातपाटी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर गांव की गर्भवती एवं स्तनदा माताओं ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण आदि कराया। इस अवसर पर विशेषज्ञ चिकित्सकों ने गर्भवती एवं स्तनदा माताओं की वजन, ऊंचाई, बीपी, हीमोग्लोबिन, डायबिटीस जैसी विभिन्न प्रकार की जांच कर कर उन्हें उचित स्वस्थ आहार कैसे लें और अपने स्वास्थ्य की देखभाल कैसे करें के इस बारे में मार्गदर्शन किया। प्रत्येक शनिवार को जिले के स्वास्थ्य केंद्रों पर विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा।

आयुष्मान 3.0 के तहत दिए जाएंगे कार्ड
इस दौरान संक्रामक बीमारी की जांच, टीबी, कुष्ठ रोग और अन्य संसर्गजन्य रोगों की जांच, माता एवं शिशु स्वास्थ्य स्क्रीनिंग, उनका टीकाकरण, स्किल सेल रोग स्क्रीनिंग और नेत्र चेकअप जैसे स्वास्थ्य मेले आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान के दौरान आयुष्मान 3.0 के तहत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के लाभार्थियों को सीधे आशा के माध्यम से ई-केवाईसी कर कर सीधे कार्ड दिए जायेंगे। साथ ही इस प्रणाली में यह सुविधा दी गई है कि लाभार्थी अपना पंजीकरण स्वयं भी करा सकता है और अपना कार्ड भी निकाल सकता है। साथ ही https://stgbeneficial. pmjay.gov.in/ekyc इस प्रणाली के माध्यम से अपनी केवाईसी प्रक्रिया परी कर सकता है। इसके साथ ही इस दौरान 18 साल से ऊपर के सभी पुरुषों के लिए भी चेकअप मेला आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की मदद से ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता, आभा कार्ड वितरण जैसी गतिविधियां भी संचालित की जाएंगी।


