- पांच आरोपी हुए गिरफ्तार
पालघर (सं. भा.) पति पर काला जादू किए जाने और इससे उसे बचाने के बहाने पत्नी की इज्जत से खिलवाड़ करने के आरोप में पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एक महिला के घर में ‘वास्तु दोष और बुरी ताकतों को दूर करने के लिए काला जादू’ करने के बहाने के उससे कई बार बलात्कार करने के आरोप में 5 लोगों को ठाणे और पालघर जिलों से गिरफ्तार किया गया। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों लोग 35 वर्षीय पीड़िता के पति के दोस्त हैं और उन्होँने उससे कहा था कि उसके पति पर कोई काला जादू किया गया है और उसका असर खत्म करने के लिए उसे कुछ अनुष्ठान करने होंगे।

पालघर की घटना, बलात्कार करने के आरोप में 5 लोग गिरफ्तार
आरोपी अप्रैल 2018 से पीड़िता के घर अक्सर आने लगे और वे उसके अकेले होने पर अनुष्ठान करते थे। आरोपी पीड़िता को पंचामृत के बहाने कोई नशीला पेय पदार्थ पिला देते थे और उसके साथ बलात्कार करते थे। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पीड़िता के पति की स्थिर सरकारी नौकरी और सुख-शांति के लिए विभिन्न अनुष्ठान करने के नाम पर उससे सोना और पैसा भी ऐंठा। महिला से 2019 में येऊर के जंगल में, इसके बाद मुख्य आरोपी के कांदिवली स्थित मठ और लोनावला के एक रिसॉर्ट में उससे बलात्कार हुआ। पीड़िता आदिवासी बहुल इलाके तलासरी की निवासी है, जिसकी 11 सितंबर को दर्ज की गई शिकायत पर पुलिस के एक दल ने रवींद्र भाटे, दिलीप गायकवाड़, गौरव साल्वी, महेंद्र कुमावत और गणेश कदम को गिरफ्तार किया। पालघर पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने बताया कि पांचों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत आरोप दर्ज किए गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है।


