- प्रदूषण के खिलाफ 30,000 लोगों ने किए हस्ताक्षर
मुंबई (सं. भा.) : मुंबई की बिगड़ती वायु गुणवत्ता के प्रति बीएमसी कमिश्नर को जगाने के लिए ऑनलाइन पिटीशन की पहल की जा रही है। अभी तक 30 हजार से अधिक मुंबईकरों ने इस पिटीशन पर अपने हस्ताक्षर किए हैं। इस पिटीशन के जरिए लोग वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने की मांग कर रहे हैं।
बता दें कि स्विस एयर ट्रैकिंग इंडेक्स की नई सूची के अनुसार, मुंबई को दुनिया का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बताया गया है। इसी के साथ पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष की शुरुआत से ही मुंबई की वायु गुणवत्ता खराब और बेहद खराब श्रेणी में रही है। गर्मी शुरू होने के बावजूद शनिवार को 286 एक्यूआई के साथ समूची मुंबई की वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। इस खराब आबोहवा के कारण मुंबईकरों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए पर्यावरण के लिए काम करने वाली संस्था ‘पर्यावरण’ ने ऑनलाइन पिटीशन कार्यक्रम शुरू किया है। इस अभियान को शुरू हुए करीब एक महीना हो चुका है। संस्था के मुताबिक, अभी तक 30 हजार से अधिक मुंबईकरों ने इस पर साइन किए हैं।



