मुंबई (सं. भा.) मुंबईकरों को सावधान हो जाने की जरूरत है। इन दिनों सस्ते में धार्मिक यात्रा पर ले जाने के नाम पर ट्रेवल एजेंट बन कर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। मुम्बई की कांदिवली पुलिस ने एक ऐसे ही ट्रेवेल्स एजेंट को गिरफ्तार किया है जिस पर एक ग्रुप के 33 लोगों को रियायती कीमत पर चारों धाम की यात्रा कराने का लालच देकर उनसे लाखों रुपये ठग लिए। ठगी करने वाले 53 वर्षीय व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ऐसी जानकारी मिली हसि कि गिरफ्तार इसी आरोपी ने अपने किसी साथी के साथ मिलकर बोरीवली में भी इस तरह की ठगी की है जिसकी शिकायत कस्तूरबा पुलिस स्टेशन में दर्ज है।
ठगी की यह घटना 2022 की है। गिरफ्तार राजेश पटेल 53 वर्ष ने कांदिवली वेस्ट में एक टूर एंड ट्रेवेल्स का आफिस खोला था।उसने कई अखबारों में सस्ते दामों पर चारोधाम के यात्रा के पैकेज का विज्ञापन दिया था।जिसमें बद्रीनाथ, द्वारका, जगन्नाथ धाम और रामेश्वरम शामिल था।इस विज्ञापन को पढ़कर एक महिला टीचर ट्रेवल एजेंट बने पटेल के पास आई।जहाँ पटेल के साथ 10 लाख 85 हजार रुपये में 30 यात्रियों का पैकेज तय हुआ। महिला टीचर ने प्रति यात्री 11 हजार रुपये लेकर 22 मार्च 2022 को एडवांस के तौर पर राजेश पटेल के ऑफिस में 3 लाख 52 हजार रुपये दे दिया। 17 अप्रैल 2022 को जब वह पटेल के ऑफिस गयी तो वहाँ ऑफिस बंद था।उन्होंने पटेल के मोबाइल नंबर पर फोन किया लेकिन कोई जबाब नही मिला।

महिला टीचर कांदिवली पुलिस स्टेशन पहुंची जहां पुलिस ने मामला दर्ज कर राजेश पटेल की तलाश शुरू कर दी लेकिन उसका कही पता नही चला । 2 नवंबर 2023 को एक गुप्त सूचना के आधार पर कांदिवली पुलिस ने उसे धर दबोचा। उसे बोरीवली कोर्ट में पेश किया जहां जज ने पुलिस हिरासत में भेज दिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी राजेश पटेल ने अपने एक मित्र के साथ बोरीवली में 90 लोगों के साथ इसी तरह की ठगी की है।और उन लोगों का 11 लाख 27 हजार रुपये ठगा है जिसकी शिकायत कस्तूरबा पुलिस स्टेशन में दर्ज है। कस्तूरबा पुलिस पटेल को हिरासत में लेकर मामले की जांच करेगी।


