- मुंबई के बोरीवली में पकड़ाया
मुंबई (सं. भा.) : बोरीवली पश्चिम की एमचबी पुलिस ने एक 29 वर्षीय युवक को लगभग आधा किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है जिसकी कीमत साढ़े सात लाख के करीब आंकी गई है। जोगेश्वरी पश्चिम के बेहरामबाग स्थित नाले के पास रहने वाला दीपक अक्षयबरनाथ सिंह (29) मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चुनार तहसील में आने वाले भौरही गांव का रहने वाला है। वह 25 अक्टूबर को बोरीवली पश्चिम के एक्सर मेट्रो स्टेशन से सटे लिंक रोड पर खड़ा, किसी का इंतजार कर रहा था। एमएचबी पुलिस स्टेशन के पुलिस उपनिरीक्षक बोंबे को खास सूत्र से दीपक सिंह के संदिग्ध अवस्था में एक्सर मेट्रो स्टेशन के पास खड़े रहने की जानकारी मिली। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुधीर कुडालकर को इसकी जानकारी देने के बाद अपनी टीम के साथ उपनिरीक्षक बोंबे एक्सर मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे और संदिग्ध अवस्था में खड़े दीपक सिंह से पूछताछ करने के बाद उसकी तलाशी ली। उस दौरान उसके पास से पुलिस टीम ने 505 ग्राम चरस बरामद किया। पुलिस स्टेशन लाने के बाद किये गए पूछताछ में दीपक ने पुलिस को बताया कि बरामद चरस बिहार के सिवान निवासी असगर अली अमीन हुसैन (42 ) से लिया है और वह इसे मुंबई बेचने लाया था। जोन 11 के डीसीपी अजय कुमार बंसल की अनुमति ले कर पुलिस उपनिरीक्षक बोंबे ने असगर अली के मोबाइल का लोकेशन निकाला और उसे 2 नवंबर को सिवान के लकडी नबीगंज स्थित घर से उसे गिरफ्तार करने में सफल रहे। एमचबी पुलिस ने दोनों आरोपियों को बोरीवली कोर्ट में पेश किया जहां 4 दिन दोनों को पुलिस हिरासत में रखने का आदेश दिया है।



