प्रमोद कुमार
ठाणे (सं.भा.) भिवंडी और ठाणे के बीच रोजाना घंटों तक ट्रैफिक जाम में फंसने वाली जनता के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से खराब सड़क और भारी वाहनों के दबाव से परेशान लोगों को अब जल्द ही बेहतर सफर की सुविधा मिलने वाली है। काल्हेर से ताड़ाली पाइपलाइन मार्ग को कॉन्क्रीट सड़क के रूप में विकसित करने की शुरुआत कर दी गई है, जिससे हजारों यात्रियों को फायदा होने की उम्मीद है।
रविवार को इस महत्वपूर्ण सड़क परियोजना का उद्घाटन सांसद सुरेश म्हात्रे ने किया। इस अवसर पर मनसे प्रदेश उपाध्यक्ष डीके म्हात्रे, भिवंडी के महापौर नारायण चौधरी, एनसीपी (एसपी) तालुका अध्यक्ष गणेश गुलवी, गुंदवली ग्राम पंचायत के उपसरपंच सुमित म्हात्रे सहित आसपास के गांवों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार अंजुरफाटा-काल्हेर से ठाणे जाने वाले मार्ग पर गोदामों की भरमार और सड़क संकरी होने के कारण रोजाना भीषण ट्रैफिक जाम लगता था। कई बार लोगों को दो से ढाई घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ता था। ऐसे में काल्हेर से ताड़ाली के बीच बनने वाला यह वैकल्पिक मार्ग आम जनता के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
बताया जा रहा है कि पिछले 20 से 25 वर्षों से इस सड़क की हालत बेहद खराब थी। सड़क पर गड्ढों और बदहाल स्थिति के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब कॉन्क्रीट सड़क बनने से यात्रा सुगम होने के साथ-साथ भिवंडी और आसपास के क्षेत्रों के विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
भिवंडी-ठाणे सफर होगा आसान, काल्हेर-ताड़ाली कॉन्क्रीट रोड का उद्घाटन
RELATED ARTICLES


