spot_img
Homeबिहारबिहार विधानसभा चुनाव 2025 का ऐलान: दो चरणों में 6 और 11...

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का ऐलान: दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 नवंबर को होगी मतगणना

  • चुनाव आयोग ने जारी किया विस्तृत कार्यक्रम,
  • लागू हुई आदर्श आचार संहिता,
  • मतदाता और उम्मीदवारों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

विशेष संवाददाता

पटना(स भा): बिहार में चुनावी बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग ने सोमवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए चुनावी कार्यक्रम की घोषणा कर दी। राज्य की सभी 243 विधानसभा सीटों के लिए मतदान दो चरणों में होगा—पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को। मतगणना 14 नवंबर को होगी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि राज्य में कुल 7.42 करोड़ मतदाता हैं, जिनमें 3.92 करोड़ पुरुष और 3.5 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। इस बार 14 लाख मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसके अलावा, बिहार में 14,000 मतदाता 100 वर्ष से अधिक आयु के हैं। राज्यभर में कुल 90,712 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
सीईसी ने कहा कि इस चुनाव में मतदाता और उम्मीदवार किसी भी तरह की धमकी या हिंसा से सुरक्षित रहेंगे। मतदान प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए नई व्यवस्थाएँ लागू की गई हैं। अब मतदाता अपने मोबाइल फोन मतदान कक्ष के बाहर जमा करा सकते हैं और मतदान के बाद वापस ले सकते हैं।

निर्वाचन आयोग ने ईवीएम में सुधार करते हुए उम्मीदवारों की तस्वीरों को रंगीन किया है और क्रम संख्या का फॉन्ट बड़ा किया है। मतगणना में ईवीएम के अंतिम दो दौर से पहले डाक मतपत्रों की गिनती अनिवार्य कर दी गई है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने यह भी बताया कि मतदाता किसी भी शिकायत की स्थिति में ईसीआई नेट ऐप के माध्यम से बीएलओ, 243 ईआरओ और पटना स्थित सीईओ से संपर्क कर सकते हैं।

मतदाता केंद्रों पर भीड़ कम करने के लिए प्रति केंद्र मतदाताओं की संख्या 1,500 से घटाकर 1,200 कर दी गई है। पारदर्शिता बढ़ाने के लिए मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग और ईवीएम पर रंगीन फोटो जैसी 17 नई पहल शुरू की गई हैं।

वर्तमान 243 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है, और मुख्य चुनाव आयुक्त ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया इस समय सीमा से पहले पूरी कर ली जाएगी।

चुनाव कार्यक्रम:

प्रक्रिया                                                                    तिथि

नामांकन के लिए अधिसूचना जारी होने की तिथि                    10 अक्टूबर
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि                             17 अक्टूबर
नामांकन पत्र जांच                                                    18 अक्टूबर
नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि                            20 अक्टूबर
मतदान की तिथि                                                      6 और 11 नवंबर
मतगणना की तिथि                                                   14 नवंबर
चुनाव प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि                           16 नवंबर

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com