.प्रमोद कुमार
भिवंडी (सं. भा.) : भिवंडी शहर में अवैध रूप से बिजली चोरी के दो मामलों का पर्दाफाश हुआ है। पांच लोगों ने अवैध तरीके से बिजली कनेक्शन जोड़कर टोरेट पॉवर कंपनी की आपूर्ति से बिजली का उपयोग किया, जिससे कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। दोनों मामलों में शांतिनगर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है।
टोरेट पॉवर कंपनी के कार्यकारी अधिकारी विकास राजेश प्रजापति ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि शेख इरफान उर्फ मुन्ना और उस्मान शाह ने मिलकर टिपू सुल्तान चौक, गौरीपाड़ा स्थित घर नंबर 73/1, रूम नंबर 8 में अवैध रूप से मिनी सेक्शन पीलर से कनेक्शन कर और बिजली मीटर से छेड़छाड़ करते हुए 4258 यूनिट बिजली का उपयोग किया। जांच में सामने आया कि कुल 1,03,478 रुपये की बिजली चोरी की गई।
एक अन्य मामले में टोरेट पॉवर कंपनी के सहायक व्यवस्थापक कृष्णानंद शिवराम वैश्य ने शिकायत दर्ज कराई है कि रहमत कॉम्प्लेक्स, सलाउद्दीन स्कूल के पास, पिरानी पाड़ा के रहने वाले फिरोज उर्फ मुन्ना भाई, राजू और तीन अन्य व्यक्तियों ने अवैध रूप से बिजली का कनेक्शन जोड़ा और बिजली नेटवर्किंग से छेड़छाड़ की। इस मामले में कंपनी को 10 हजार रुपये का नुकसान हुआ।
दोनों ही घटनाओं में विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135, 138 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी फरार हैं। आगे की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक घोलप कर रहे हैं।


