spot_img
Homeमुंबईलाईफ गार्ड की लापरवाही से गई मासूम जान

लाईफ गार्ड की लापरवाही से गई मासूम जान

भाईंदर (सं. भा.) : समर कैंप में हिस्सा लेने आए एक होनहार बच्चे की जान स्विमिंग पूल की सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के कारण चली गई। भाईंदर पूर्व के गोल्डन नेस्ट परिसर में स्थित मीरा-भाईंदर मनपा के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (लोकनेता स्व. गोपीनाथ मुंडे क्रीड़ा संकुल) के स्विमिंग पूल में डूबकर 11 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। यह हादसा रविवार को सुबह 11 से 12 के बीच घटित हुआ। मृतक बच्चे का नाम ग्रंथ हसमुख मुथा है। वह भाईंदर पश्चिम के माहेश्वरी भवन रोड पर स्थित प्लेनटेरिया कॉम्प्लेक्स का निवासी था। ग्रंथ के पिता हसमुख मुथा ने बताया कि उनका बच्चा समर कैंप में इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्विमिंग सीखने के लिए आया था।

मृतक बच्चे के पिता का आरोप है कि स्विमिंग पूल के पास किसी लाईफ गार्ड की तैनाती नहीं होने के वजह से ही उनके बच्चे की डूबकर मौत हुई। अगर वहां लाईफ गार्ड होता, तो उनके बच्चे को बचाया जा सकता था।

ग्रंथ एक होनहार बच्चा था, हाल ही में सिंगापुर में हुए एक गणित की प्रतियोगिता में वह पूरे भारत से गए बच्चों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था। उसने मात्र 26 सेकेंड में गणित का सवाल हल कर दिया था।

ग्रंथ के आकस्मिक मौत से प्लेनटेरिया कॉम्प्लेक्स के रहिवासियों में मातम छा गया। ग्रंथ के पिता हसमुख मुथा ने शहर के सभी नागरिकों से अपील की है कि अपने बच्चों को इस स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्विमिंग सीखने के लिए भेजने से पहले सुरक्षा के सभी उपाय करें, ताकि उनके बच्चे जैसे किसी और बच्चे की जान नहीं जाए।

साथ ही उन्होंने मांग की है कि इस लापरवाही के जिम्मेदार ठेकेदार और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के व्यवस्थापक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और उनका ठेका रद्द किया जाए। इस अवसर पर मुथा परिवार और प्लेनटेरिया कॉम्प्लेक्स के रहिवासियों को सांत्वना देने पहुंचे विधायक नरेंद्र मेहता ने आश्वासन दिया कि लापरवाही के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दुख की घड़ी में वे मुथा परिवार के साथ हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com