spot_img
Homeकल्याणगणपति उत्सव पर सुरक्षा का घेरा, कल्याण-डोंबिवली में कड़ा बंदोबस्त

गणपति उत्सव पर सुरक्षा का घेरा, कल्याण-डोंबिवली में कड़ा बंदोबस्त

कल्याण (सं. भा.)। गणेशोत्सव के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही और सार्वजनिक मंडलों में होने वाली भीड़ को देखते हुए कल्याण-डोंबिवली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। परिमंडल-3 में सार्वजनिक और घरेलू गणपति की बड़ी संख्या को देखते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। अतिरिक्त सुरक्षा के लिए एसआरपीएफ की दो प्लाटून भी तैनात रहेंगी।

डीसीपी अतुल झेंडे के अनुसार, इस वर्ष परिमंडल-3 में 302 सार्वजनिक गणपति मंडलों के साथ 52,544 घरेलू गणपति और 7,220 गौरी गणपति की स्थापना होगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 2 डीसीपी, 4 एसीपी, 25 पुलिस निरीक्षक, 80 एपीआई-पीएसआई, 795 पुलिसकर्मी और 160 होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है।

घरेलू गणपति की संख्या के लिहाज से मानपाडा सबसे आगे है। यहां 12 हजार प्रतिमाएं स्थापित होंगी। इसके बाद डोंबिवली में 9,800, कोलसेवाडी में 9,560, विष्णु नगर में 8,084, महात्मा फुले में 2,800, बाजारपेठ में 2,700 और तिलक नगर में 2,050 घरेलू गणपति स्थापित किए जाएंगे।

सार्वजनिक मंडलों में बाजारपेठ क्षेत्र में सबसे ज्यादा 72 मंडल हैं। महात्मा फुले में 46, डोंबिवली में 43, कोलसेवाडी में 40, विष्णु नगर में 33, मानपाडा में 25, खडकपाडा में 23 और तिलक नगर में 20 सार्वजनिक मंडल हैं। इन क्षेत्रों में भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की विशेष नजर रहेगी।

गणेशोत्सव को देखते हुए उल्हासनगर में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। डीसीपी सचिन गोरे के मुताबिक, शहर में कुल 960 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इनमें 110 पुलिस अधिकारी, 670 पुलिस कर्मचारी, 10 प्रशिक्षु पुलिस उपनिरीक्षक, 50 नए पुलिसकर्मी और 120 होमगार्ड शामिल हैं। पुलिस का मुख्य जोर उत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने पर रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com