जीएमएलआर परियोजना में बढ़ाया दायरा
मुंबई(स.भा.): मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) परियोजना हेतु सुप्रीम कोर्ट से और अधिक पेड़ काटने की अनुमति मांगी है। मनपा ने भरोसा दिलाया है कि परियोजना के दौरान जितने पेड़ काटे जाएंगे, उतने ही पेड़ प्रतिपूरक रूप से नए स्थानों पर लगाए जाएंगे। सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले इस परियोजना के तहत 95 पेड़ काटने की अनुमति दी थी। अब बीएमसी इस संख्या को बढ़ाने के लिए नई याचिका लेकर अदालत पहुंची है।
मुख्य न्यायाधीश बी. आर. गवई, न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ इस याचिका पर सुनवाई करेगी। बीएमसी के वकील ने प्रधान न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष याचिका को तत्काल सुनवाई के लिए प्रस्तुत करते हुए कहा कि परियोजना के सुचारु संचालन के लिए कुछ और पेड़ काटने आवश्यक हैं। वकील ने यह भी अनुरोध किया कि इन पेड़ों के बदले प्रतिपूरक वनरोपण की शर्त को ध्यान में रखते हुए अनुमति दी जाए।
जीएमएलआर परियोजना का उद्देश्य वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे से जोड़ना है, जिससे गोरेगांव से मुलुंड के बीच यात्रा का समय लगभग एक घंटे तक घट जाएगा। यह परियोजना मुंबई के पूर्व और पश्चिम उपनगरों के बीच बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस बीच, ईस्टर्न फ्रीवे के ठाणे तक विस्तार को लेकर भी पेड़ों की कटाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मस्जिद बंदर से घाटकोपर तक बनी मौजूदा फ्रीवे परियोजना को ठाणे तक बढ़ाने की योजना के रास्ते में 753 पेड़ आ रहे हैं, जिनमें से 315 पेड़ों को काटने की आवश्यकता बताई गई है।
अधिवक्ता सागर देवरे ने इस संबंध में बीएमसी और एमएमआरडीए को नोटिस जारी कर परियोजना के आरेखन में बदलाव की मांग की है। उनका कहना है कि पुनःरोपित किए जाने वाले पेड़ों की जीवित रहने की संभावना केवल 20 प्रतिशत होती है। यदि योजना में बदलाव नहीं किया गया तो वह अदालत में याचिका दायर करेंगे।


