spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईबोरीवली-विरार 5वीं-6ठी लाइन परियोजना को मिली रफ्तार, छह महीने में मजबूत होगी...

बोरीवली-विरार 5वीं-6ठी लाइन परियोजना को मिली रफ्तार, छह महीने में मजबूत होगी नरम मिट्टी

मुंबई (सं. भा.)। पश्चिम रेलवे पर लोकल ट्रेनों की बढ़ती भीड़ और परिचालन के दबाव को कम करने की दिशा में बोरीवली-विरार के बीच 5वीं और 6ठी रेल लाइन परियोजना का काम तेज किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना में नरम मिट्टी को मजबूत बनाने की चुनौती से निपटने के लिए मुंबई रेलवे विकास कॉर्पोरेशन (एमआरवीसी) ने आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल शुरू किया है। दहिसर-मीरा रोड खंड में प्रीफैब्रिकेटेड वर्टिकल ड्रेन (पीवीडी) तकनीक से जमीन को मजबूत किया जा रहा है। इससे जिस प्रक्रिया में प्राकृतिक रूप से कई वर्ष लग सकते हैं, उसे अनुकूल परिस्थितियों में लगभग छह महीने में पूरा करने का लक्ष्य है।
दरअसल, इस रेल कॉरिडोर में कई स्थानों पर नरम मिट्टी होने के कारण भारी रेल ढांचे और तटबंध का निर्माण करना इंजीनियरिंग की बड़ी चुनौती है। सामान्य परिस्थितियों में मिट्टी के भीतर मौजूद पानी धीरे-धीरे बाहर निकलता है और जमीन को ठोस होने में लंबा समय लगता है। पीवीडी तकनीक के तहत मिट्टी में विशेष ड्रेन लगाए जाते हैं, जिनसे पानी तेजी से बाहर निकलता है और जमीन के बैठने तथा मजबूत होने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। एमआरवीसी के मुताबिक, अनुकूल परिस्थितियों में छह महीने के भीतर मिट्टी को लगभग 90 प्रतिशत तक ठोस बनाया जा सकता है। इससे भविष्य में रेल तटबंध के धंसने का खतरा भी कम होगा।
एमआरवीसी ने दहिसर और मीरा रोड के बीच करीब 3.20 लाख रनिंग मीटर पीवीडी लगाने की योजना बनाई है। इसके लिए विशेष मशीन तैनात की गई है, जिसकी प्रतिदिन लगभग 3,000 रनिंग मीटर ड्रेन लगाने की क्षमता है। अब तक करीब 30,000 रनिंग मीटर का काम पूरा हो चुका है। कार्यस्थल की उपलब्धता के अनुसार अतिरिक्त मशीनें भी तैनात की जाएंगी, ताकि निर्माण कार्य को और गति मिल सके।
इस परियोजना के पूरा होने से पश्चिम रेलवे के व्यस्त उपनगरीय मार्ग पर लोकल और लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन को अलग-अलग करने में मदद मिलेगी। इससे मौजूदा रेल नेटवर्क पर दबाव कम करने और ट्रेन संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने की उम्मीद है। खासकर बोरीवली से विरार के बीच रोजाना सफर करने वाले लाखों यात्रियों को भविष्य में इस विस्तार का लाभ मिल सकता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com