spot_img
Homeमहाराष्ट्रमुंबईगौशालाओं को कमर्शियल श्रेणी से बाहर करने का महाराष्ट्र सरकार का फैसला

गौशालाओं को कमर्शियल श्रेणी से बाहर करने का महाराष्ट्र सरकार का फैसला

मुंबई (सं. भा.)। बीमार, बेसहारा और घायल गोवंश की देखभाल करने वाली गौशालाओं को अब जमीन खरीदने और लीज पर लेने के लिए भारी कीमत नहीं चुकानी पड़ेगी। महाराष्ट्र सरकार ने गौशालाओं को जमीन के लेन-देन में बड़ी राहत देते हुए कमर्शियल दरों के बजाय कृषि दर लागू करने का निर्णय लिया है। इससे राज्य में गौशालाओं के विस्तार और नई गौशालाओं के निर्माण का रास्ता आसान होने की उम्मीद है।
राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने इस संबंध में आधिकारिक सर्कुलर जारी किया है। नए निर्णय के अनुसार, गौशालाओं के लिए जमीन की खरीद, दान और लीज एग्रीमेंट के दौरान कमर्शियल मूल्यांकन के स्थान पर कृषि दर से जमीन का मूल्य निर्धारित किया जाएगा। सरकार का मानना है कि गौशालाएं व्यावसायिक गतिविधियों के लिए नहीं, बल्कि गोवंश की सेवा और संरक्षण के उद्देश्य से संचालित होती हैं।
राजस्व मंत्री बावनकुले के मुताबिक, गौशालाओं में आवारा, बीमार, बुजुर्ग और घायल मवेशियों को आश्रय देकर उनकी देखभाल की जाती है। इसके अलावा गोवंश के लिए चारे की खेती भी की जाती है। इसके बावजूद पहले नियमों में स्पष्टता नहीं होने के कारण कई गौशालाओं को व्यावसायिक संस्थाओं की श्रेणी में रखा जाता था। परिणामस्वरूप जमीन की खरीद और लीज के समय उन्हें आवासीय अथवा औद्योगिक दरों के आधार पर भुगतान करना पड़ता था। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सरकार ने दरों में बदलाव का फैसला लिया है।
इस मुद्दे को लेकर अकोला जिले के अलेगांव में वर्धमान गोतीर्थ संगठन द्वारा जमीन खरीदे जाने के दौरान मूल्यांकन का मामला सामने आया था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और विधायक प्रवीण दटके ने मुख्यमंत्री तथा राजस्व मंत्री के समक्ष इस समस्या को उठाते हुए राहत देने की मांग की थी। सरकार ने इस पर विचार करने के बाद गौशालाओं को कृषि दर का लाभ देने का निर्णय लिया।
इसके साथ ही राज्य सरकार ने जिला नियोजन समिति के माध्यम से अधिकृत गौशालाओं को 25 लाख रुपये तक का अनुदान देने का भी फैसला किया है। सरकार के इन दोनों निर्णयों से गौशालाओं को जमीन संबंधी खर्च में राहत मिलने के साथ गोवंश के संरक्षण और देखभाल के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com