- सरकारी कॉलेज में ‘मेडिकल सीट’ दिलाने के नाम पर ठगी
- 4 लोगों ने ठग लिए 82 लाख
- पुलिस जांच में जुटी
मुंबई (सं. भा.) बोरीवली पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। इन पर आरोप है कि इन्होंने एक व्यवसायी के बेटे को एमडी (रेडिएशन) कोर्स के लिए पुणे के जेबी मेडिकल कॉलेज में सीट दिलाने के नाम पर कथित तौर पर 82 लाख रुपए की ठगी की है। पीड़ित को धोखा देने के लिए आरोपी व्यक्तियों ने उसे फर्जी एनईएफटी भुगतान पावती दी थी, जिसमें कॉलेज शुल्क का भुगतान, कॉलेज के डीन के नाम पर एक फर्जी प्रमाण पत्र, आईडी कार्ड आदि दिखाया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता के बेटे ने 2019 में एमबीबीएस पास कर लिया था। उसने मास्टर डिग्री में प्रवेश के लिए हुए एनईईटी परीक्षा में 199 अंक हासिल किया, लेकिन किसी भी प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में सीट सुरक्षित नहीं कर पाया। उनके पिता ने भी प्रबंधन कोटा के माध्यम से उनके लिए एक सीट सुरक्षित करने की बहुत कोशिश की, लेकिन व्यर्थ निकला। 2022 में शिकायतकर्ता व्यवसायी की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड, अखिलेश के माध्यम से संदीप वाघमारे से हुई थी।

वाघमारे ने एनआरआई कोटे के माध्यम से बेटे को औरंगाबाद के एक कॉलेज में दाखिला दिलाने का वादा किया था। इसके बाद, वाघमारे ने शिकायतकर्ता को अभिजीत पाटिल और अनिल तांबट से मिलवाया, जिसमें तांबट ने सरकारी कोटा से एक सरकारी मेडिकल कॉलेज में प्रवेश सुरक्षित करने का वादा किया और कुछ औपचारिकताओं के माध्यम से इच्छुक छात्र का मार्गदर्शन किया था। इस बीच, अभिजीत पाटिल ने शिकायतकर्ता के बेटे को एक आईडी कार्ड और डीन का पत्र दिया। कुछ दिनों बाद, शिकायतकर्ता को अपने दोस्त से पता चला कि तांबट एक धोखेबाज है जो प्रवेश दिलाने के बहाने लोगों को ठगता है।


