- पूरे प्रदेश में बढ़ेगी ठंढ
मुंबई (सं. भा.) मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में बीते कुछ दिनों से सर्दी बढ़ गई है। रविवार को भी पूरे दिन हवा में ज्यादा ओस महसूस हुई। इसी बीच प्रदेश में पुणे के पाशान इलाके में इस साल अब तक का सबसे कम पारा दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, पाशान में तापमान १० डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इसके साथ ही प्रदेश के कई जिलों में भी न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। ऐसे में कहा जा रहा है कि अब असली सर्दी की शुरुआत हो चुकी है। इसके साथ ही अगले ७२ घंटों में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ठिठुरन और बढ़ेगा। महाराष्ट्र के मुंबई और पुणे समेत विभिन्न जिलों में ठंड बढ़ गई है। बताया गया है कि आनेवाले हफ्तों में राज्य का मौसम शुष्क रहेगा। इसके साथ ही १७ दिसंबर को मध्य महाराष्ट्र में बारिश की भविष्यवाणी की गई है। फिलहाल राज्य के विदर्भ सहित मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र के न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। इससे राज्य में ठिठुरन बढ़ गई है। कई जगहों पर तापमान १२ डिग्री से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल अरब सागर में चल रही चक्रवाती हवाएं कम हो गई हैं। बंगाल की दक्षिण- पश्चिमी खाड़ी में भूमध्य रेखा के पास चक्रवाती स्थितियां विकसित हो गई हैं। इसके श्रीलंका में पहुंचते ही ये हवाएं मध्य महाराष्ट्र में चल सकती हैं। इसलिए अगले ७२ घंटों में सुबह-सुबह कोहरा छाया रहेगा। साथ ही मौसम विभाग का अनुमान है कि न्यूनतम तापमान में कमी आएगी।

पाशान का तापमान १० डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इससे पुणे के लोग ठिठुर गए। अनुमान है कि दो दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। जैसे- जैसे सर्दी बढ़ती है, दिल का ख्याल रखना जरूरी हो जाता है। जब ठंड बढ़ने लगती है तो रक्त वाहिकाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियां सामने आने लगती हैं। इसलिए दिल को मजबूत रखने के लिए उचित देखभाल करना और जरूरी टेस्ट कराना जरूरी है।


