मुंबई (सं. भा.) मुंबई की सड़कों को और अधिक बेहतर बनाने के लिए मनपा के इंजीनियरों को आईआईटी की तरफ से प्रशिक्षण दिया जाएगा.मनपा प्रशासन ने अभियंताओं को प्रशिक्षण के संदर्भ में प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे मंजूरी के लिए स्थायी समिति के समक्ष पेश किया गया है. मुंबई में अस्फाल्ट एवं सीमेंट कांक्रीट की सड़कों के निर्माण के लिए हर साल लगभग 2 हजार करोड़ रुपए से अधिक की निधि खर्च की जाती है,लेकिन मुंबई वासियों को हर बारिश के दौरान सड़कों पर बनने वाले गड्ढों की समस्याओं से जूझना पड़ता है.
जिसकी वजह से मनपा की स्थायी समिति एवं सभागृह में सत्तारूढ़ दल एवं मनपा प्रशासन विपक्षी दलों के निशाने पर होता है. गड्ढों की वजह से प्रशासन की काफी अधिक फजीहत होती है.आरोप लगाया जाता है कि सड़कों के निर्माण में उदासीनता बरती जाती है,ठेकेदार संबंधित सड़क एवं पुल विभाग के अधिकारी अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं करते हैं.घटिया दर्जे की सड़कों की वजह से हर साल मनपा को हजारों करोड़ रुपए का चूना लगता है.
मुंबई की सड़कें अच्छी गुणवत्ता की बन सकें इसको लेकर मनपा प्रशासन ने अपने अभियंताओं को आईआईटी पवई से आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने का निर्णय लिया है.प्रशासन की तरफ से तैयार किये गए प्रस्ताव के मुताबिक आईआईटी पवई को प्रशिक्षण के लिए 9 लाख 49 हजार रुपए का भुगतान किया जाएगा.मनपा ने इसके लिए निविदा नहीं मंगायी थी.


