spot_img
Homeठाणेआम लोगों के बच्चों को मिलेगा क्रिकेट का मंच: डॉ. श्रीकांत शिंदे

आम लोगों के बच्चों को मिलेगा क्रिकेट का मंच: डॉ. श्रीकांत शिंदे

प्रमोद कुमार

ठाणे (सं.भा.): देशभर में तेजी से लोकप्रिय हो रहे टेनिस क्रिकेट को एक संगठित और प्रोफेशनल स्वरूप देने की दिशा में अहम पहल की गई है। ठाणे में आयोजित टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (ITCSF) की पहली वार्षिक आमसभा में कल्याण लोकसभा सीट से सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे को सर्वसम्मति से फेडरेशन का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया। इस अवसर पर डॉ. शिंदे ने कहा कि आज बड़ी संख्या में बच्चे क्रिकेटर बनने का सपना देखते हैं, लेकिन हर किसी को अंतरराष्ट्रीय या आईपीएल स्तर तक पहुंचने का अवसर नहीं मिल पाता।

“टेनिस क्रिकेट ऐसे युवाओं के लिए एक मजबूत विकल्प बन सकता है। यह सामान्य परिवार के बच्चों को भी खेल के ज़रिए करियर बनाने का अवसर देता है,” उन्होंने कहा। डॉ. शिंदे ने बताया कि कल्याण और आसपास के क्षेत्रों में टेनिस क्रिकेट बड़े स्तर पर खेला जाता है और नियमित रूप से प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं। उन्होंने कहा कि यह खेल उन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए एक स्वतंत्र मंच है, जो पारंपरिक क्रिकेट ढांचे में जगह नहीं बना पाते।

फेडरेशन की ओर से बताया गया कि देशभर में हर वर्ष 125 से 150 टेनिस क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किए जाते हैं, जिनमें 40 से 45 लाख खिलाड़ी भाग लेते हैं। इन प्रतियोगिताओं की कुल इनामी राशि करीब 30 करोड़ रुपये है। बढ़ती लोकप्रियता और निवेश के बावजूद अब तक किसी आधिकारिक नियंत्रण प्रणाली के अभाव में कई जगह अनियमितताएं सामने आ रही थीं। इसी पृष्ठभूमि में वर्ष 2022 में टेनिस क्रिकेट स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का गठन किया गया, जिसे अगस्त 2025 में कंपनी अधिनियम की धारा-8 के तहत पंजीकरण मिला। वर्तमान में महाराष्ट्र सहित देश के कई राज्यों के प्रतिनिधि फेडरेशन से जुड़े हुए हैं। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि फेडरेशन का उद्देश्य टेनिस क्रिकेट को अनुशासित, पारदर्शी और प्रोफेशनल प्लेटफॉर्म प्रदान कर युवाओं के लिए स्थायी खेल अवसर विकसित करना है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com