बिंदकी (सं.भा.): अवैध खनन के जरिए सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने और पर्यावरण के साथ खिलवाड़ करने वाले खनन माफिया के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। बिंदकी तहसील में नायब तहसीलदार प्रतिमा द्विवेदी के नेतृत्व में की गई सख्त कार्रवाई से खनन माफिया में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गुनीर मवइया में लंबे समय से मिट्टी के अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। सूचना की पुष्टि के बाद नायब तहसीलदार प्रतिमा द्विवेदी ने राजस्व और पुलिस टीम के साथ संयुक्त रूप से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान मौके पर अवैध खनन में लगे डंपरों को पकड़ा गया, जबकि खनन कार्य में प्रयुक्त जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया गया।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध खनन से न केवल सरकारी खजाने को भारी नुकसान हो रहा था, बल्कि क्षेत्र के पर्यावरण संतुलन पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा था। समय रहते की गई इस कार्रवाई से राजस्व क्षति पर रोक लगी है और खनन माफिया के मंसूबों को करारा झटका लगा है। स्थानीय लोगों ने नायब तहसीलदार प्रतिमा द्विवेदी की तत्परता और सख्ती की सराहना करते हुए कहा कि यदि प्रशासन इसी तरह निरंतर कार्रवाई करता रहा, तो क्षेत्र से अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा। प्रशासन की ओर से जब्त वाहनों और मशीनरी के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने साफ किया है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाते रहेंगे।


