spot_img
Homeअन्यनायगांव में गंदे पानी से बेहाल नागरिक

नायगांव में गंदे पानी से बेहाल नागरिक

  • विधायक और प्रशासन पर फूटा गुस्सा

नायगांव (सं. भा.) : नायगांव पूर्व में बिल्डिंगों के ड्रेनेज से निकलने वाला गंदा पानी टिवरी, राजावली मुख्य रास्तों पर जमा होने से नागरिकों का चलना दुश्वार हो गया है। कई बार वसई विरार महानगरपालिका के आयुक्त अनिल पवार को सूचित करने के बावजूद नागरिकों को समाधान नहीं मिल रहा है। ड्रेनेज से निकलने वाले गंदे पानी में छोटे-छोटे कीटाणुओं ने अपना साम्राज्य बना लिया है, जिसके कारण नागरिकों को गंभीर बीमारी होने का डर सता रहा है। इसका सीधा असर नागरिकों के स्वास्थ्य पर हो रहा है, किंतु नागरिकों को हो रही समस्याओं पर वर्तमान विधायक स्नेहा दुबे पंडित को कोई चिंता नहीं है, ऐसा स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

संपूर्ण खबर के अनुसार, नायगांव पूर्व के टिवरी से राजावली जाने वाले मुख्य रास्तों पर नक्षत्र ग्रीन व नवकार भवन निर्माता द्वारा बनाई गई गगनचुंबी इमारतों के ड्रेनेज से निकलने वाला गंदा बदबूदार पानी बहता रहता है, और नागरिकों को आने-जाने के लिए इसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इस गंदे पानी से होकर गुजरने का परिणाम नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि हमें डर है कि प्रतिदिन इस बदबूदार पानी में जन्मे कीटाणुओं के ऊपर से गुजरने के कारण हमें यदि कोई गंभीर बीमारी होती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा – पालिका प्रशासन, वर्तमान विधायक या यह गंदा पानी रास्ते पर डालने वाले भवन निर्माता?

आगे नागरिकों ने कहा कि हमने जिस विश्वास के साथ भाजपा को भारी मतों से जिताकर विधायक बनाया, उन्हें भी हमारे स्वास्थ्य की कोई चिंता नहीं है और हमारी मूलभूत समस्याओं से भी कोई सरोकार नहीं है। उन्हें जीतकर हमें क्या लाभ हुआ? हम आए दिन पीने के पानी के लिए संघर्ष करते हैं, हमें पर्याप्त मात्रा में बिजली भी नहीं मिल रही है, और यहां के रास्तों पर जहां देखो वहां गड्ढे ही गड्ढे हैं। उस पर अब बार-बार इमारतों से निकलने वाले ड्रेनेज के गंदे पानी का सड़कों पर बहना एक आम बात हो गई है। इसका प्रतिकूल असर नागरिकों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। आखिर कब हमें हमारी मूलभूत सुविधाएं विधायक मुहैया करवाएंगी? मतदान के दौरान उन्होंने जो वादे किए थे, वो केवल एक छलावा साबित हो रहे हैं।

नागरिकों का यह भी कहना है कि क्या इन भवन निर्माताओं द्वारा गंदे पानी को मुख्य रास्तों पर बहाने के लिए पालिका प्रशासन ने मौन स्वीकृति दी है? क्योंकि वर्तमान में जहां देखो वहां बड़ी संख्या में भवन निर्माण कार्य जारी है, किंतु ड्रेनेज से निकलने वाले पानी के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिसका परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। नागरिकों के स्वास्थ्य और उनकी मूलभूत सुविधाओं पर वर्तमान विधायक क्यों कर रही हैं अनदेखी – ऐसा तीखा सवाल नागरिकों द्वारा किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com