- मटका क्लब पर छापा
ठाणे (सं. भा.) : वसई विरार पुलिस आयुक्तालय की हद्द में बोलिंज पुलिस की सीमा में चल रहे अनवर बाबा और मैनेजर विक्रम मगेला के अवैध क्लब के संदर्भ में ‘संगठन भारत’ में खबर प्रकाशित की गई थी। इस खबर पर संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त मधुकर पांडे के निर्देश पर बोलिंज पुलिस ने इस जुगार के अड्डे पर छापा मारकर कार्रवाई की है। इस संदर्भ में एफआईआर दर्ज की गई है। स्टूडेंट रूपेश रविढोने ने मुख्यमंत्री समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को मेल भेजकर शिकायत की थी कि जुगार के इस अड्डे को तत्काल बंद किया जाना चाहिए।

बता दें कि विरार पश्चिम में बोलिंज पुलिस स्टेशन के अंतर्गत पद्मा कॉलोनी, गावठाण रोड, गुजराती स्कूल के सामने खुलेआम मटका जुगार और क्लब चलाकर जनता को लूटा जा रहा था। स्कूल के ठीक सामने चल रहे जुगार के इस अड्डे पर बड़ी संख्या में स्कूली छात्र भी देखे जा सकते हैं। इस क्लब में अंदर बाहर काठी, तीन पत्ती, रम्मी आदि जुगार चलाए जा रहे थे। सूत्रों ने दावा किया है कि इस क्लब में 200, 100, 50 रुपये पाईंट से सट्टा चलता है, जिसमें लाखों का सट्टा बड़े पैमाने पर चल रहा है। जबकि इस क्लब के कुछ ही दूरी पर मंदिर और स्कूल स्थित हैं, जिसके कारण छात्रों पर क्लब का बुरा असर पड़ रहा है। सट्टा खेलनेवालों को क्लब की तरफ से चरस, गांजा भी क्लब के अंदर ही दिया जा रहा है। लोगों में इस क्लब को लेकर काफी आक्रोश है। विक्रम मंगेला की रिवॉल्वर के साथ एक फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसकी वजह से लोग डर के मारे इस क्लब के खिलाफ शिकायत करने में हिचकते हैं।
सूत्रों ने दावा किया है कि पुलिस की कार्रवाई के बावजूद भी जुगार का यह अड्डा अभी तक पूरी तरह से बंद नहीं हुआ है। यह दिखावे की कार्रवाई है, जबकि जुगार का अड्डा धड़ल्ले से चल रहा है। जिसे पूरी तरह से बंद करने की मांग लॉ स्टूडेंट रूपेश रविढोने ने की है।


