spot_img
Homeउत्तर प्रदेशजनता दर्शन में सीएम योगी: सैनिक की जमीन कब्जे की शिकायत पर...

जनता दर्शन में सीएम योगी: सैनिक की जमीन कब्जे की शिकायत पर सख्त निर्देश

लखनऊ (सं.भा.): प्रदेशवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम आयोजित किया। शासकीय कार्यों की व्यस्तता के बावजूद मुख्यमंत्री ने बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों से मुलाकात की और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना।

जनता दर्शन के दौरान हापुड़ से आए दो सैनिकों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत रखी। सैनिकों ने बताया कि वे दोनों सेना में कार्यरत हैं और देश की सेवा कर रहे हैं, जबकि उनके पिता नेत्रहीन हैं। आरोप है कि उनके ताऊ के पुत्रों ने, जिनकी आपराधिक पृष्ठभूमि बताई गई, हथियारों के बल पर उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है और धमकियां भी दी जा रही हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने हापुड़ प्रशासन को तत्काल जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार नागरिकों की सुरक्षा और न्याय के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी पीड़ित के साथ अन्याय न हो और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर आए लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि वे संबंधित अस्पताल से उपचार का अनुमान (एस्टिमेट) प्रस्तुत करें। सरकार मरीजों के इलाज में हरसंभव सहयोग करेगी। उन्होंने आश्वस्त किया कि उपचार की जिम्मेदारी सरकार निभाएगी।

इसके अलावा बिजली, नगर निगम, राजस्व और अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं, जिन पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के प्रति मुख्यमंत्री का संवेदनशील रूप भी देखने को मिला। अभिभावकों के साथ आए बच्चों से उन्होंने पढ़ाई और दिनचर्या के बारे में बातचीत की तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ने और मोबाइल से दूरी बनाए रखने की सीख दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक चॉकलेट भी भेंट की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com