मुंबई, (सं.भा.) मुंबई की लगातार बढ़ती ट्रैफिक समस्या को कम करने और शहर के सड़क नेटवर्क को अधिक आधुनिक एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से विकसित की जा रही मुंबई कोस्टल रोड (नॉर्थ) परियोजना तेजी से आकार ले रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने परियोजना के विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता से कोई समझौता किए बिना निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने मालाड स्थित माइंडस्पेस क्षेत्र में बन रहे विशाल इंटरचेंज का जायजा लिया। यह परियोजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है, जहां नौ रैम्प विकसित किए जा रहे हैं। इनके माध्यम से विभिन्न दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी और सड़क नेटवर्क के बीच बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित की जा सकेगी।
अधिकारियों के अनुसार यह इंटरचेंज सीधे गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड (जीएमएलआर) सुरंग से जुड़ने वाला है। इसके शुरू होने के बाद जनरल अरुण कुमार वैद्य मार्ग, सावरकर पुल तथा आसपास के अन्य व्यस्त मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबे इस सिग्नल मुक्त कॉरिडोर का लाभ विशेष रूप से माइंडस्पेस के आईटी पार्क, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और हजारों दैनिक यात्रियों को मिलेगा।
परियोजना के तहत लोखंडवाला रोटरी क्षेत्र में तीन स्तरों वाली आधुनिक यातायात व्यवस्था विकसित की जा रही है। ग्राउंड, प्रथम और द्वितीय स्तर पर बनने वाली यह संरचना वाहनों की आवाजाही को अधिक सुचारू बनाएगी। वरली इंटरचेंज की तर्ज पर तैयार किए जा रहे इस मॉडल से लिंक रोड पर यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
वहीं वर्सोवा के अमरनाथ टावर क्षेत्र में विकसित किया जा रहा नया इंटरचेंज मढ द्वीप, लोखंडवाला और अंधेरी पश्चिम को बेहतर तरीके से जोड़ने का काम करेगा। इसके माध्यम से स्थानीय सड़कों का एकीकरण होगा और नागरिकों को कम समय में सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री के साथ इस अवसर पर मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार, विधायक अमित साटम, महापौर रितु तावड़े, उपमहापौर संजय घाडी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना मुंबई की परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देने वाली साबित होगी और इसके पूरा होने के बाद लाखों मुंबईकरों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।


