मुंबई (सं. भा.) प्रदेश के हिंगोली जिले के रहने वाले युवा कांग्रेसी नेता एवं राजसभा सांसद राजीव सातव के असामयिक निधन पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है इससे पार्टी को बड़ा झटका लगा है. उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत तमाम कांग्रेसी नेताओं ने श्रद्धांजलि दी है. मोदी ने कहा कि मैं राजीव सातव के निधन से व्यथित हूं. कांग्रेस अध्यक्ष सोनिय गांधी ने कहा कि राजीव सातव कांग्रेस के एक उभरते सितारे थे. उनकी आत्मा को शांति मिले. सोनिया ने सातव की मां से फोन पर बात कर अपनी संवेदना जाहिर की है.
अपने दोस्त को खोने का बहुत दुख
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा कि मुझे अपने दोस्त राजीव सातव के खोने का बहुत दुख है. वह विशाल क्षमता वाले नेता थे , जिन्होंने कांग्रेस के आदर्शों को मूर्त रूप दिया. यह हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है.
राजनीति से परे जाकर दोस्त बनाए
मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि राजीव सातव ने अपने ईमानदार स्वभाव से पार्टी और राजनीति से परे जाकर दोस्त बनाए. उन्हें संसदीय प्रणाली में एक मजबूत और एक विद्वान नेता के रूप में वर्णित किया गया था. उनका असमय जाना उनके परिवार और कांग्रेस पार्टी के लिए एक बहुत बड़ा आघात है.
पार्टी ने वफादार नेता खो दिया
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि सांसद राजीव सातव के निधन से कांग्रेस पार्टी ने एक युवा, वफादार , मेहनती, अध्ययनशील, महान क्षमता वाले नेता को खो दिया है. उन्होंने कहा कि नियति ने मेरे छोटे भाई को छीन लिया है.
राज्यपाल ने सातव के निधन पर दुख जताया
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने सांसद राजीव सातव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. राज्यपाल ने शोक संदेश में कहा कि युवा और गतिशील सांसद राजीव • सातव के असामयिक निधन का समाचार व्यथित करने वाला है. खबर ऐसे समय आई है जब हर किसी को लगा कि वे कोविड से स्वस्थ होकर बाहर आ जाएंगे. सातव अपने नेतृत्व गुणों और संगठनात्मक क्षमताओं के लिए जाने जाते थे. उनके उत्कृष्ट जनसंपर्क थे. राज्यपाल ने कहा कि दुर्भाग्य से मौत ने बड़ी क्षमता वाले एक होनहार नेता को छीन लिया है. मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों व उनके प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं
महाराष्ट्र में नेता विपक्ष देवेन्द्र फडणवीस ने कहा कि राजीव सातव एक युवा, होनहार और अध्ययनशील नेता थे. मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वे उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें.
पार्टी को बड़ी क्षति
मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा कि सातव के असामयिक निधन से पार्टी को बड़ी क्षति पहुंची है. उन्होंने कहा कि सातव महाराष्ट्र के सपूत थे और उन्होंने दिल्ली में अपना एक अलग छाप छोड़ी थी.


