spot_img
Homeमुंबईट्रैफिक जाम व अतिक्रमण पर लगाम और विकास कार्यों को बढ़ाओ— पीयूष...

ट्रैफिक जाम व अतिक्रमण पर लगाम और विकास कार्यों को बढ़ाओ— पीयूष गोयल ने अफसरों को दिया सख्त निर्देश

मुंबई(सं भा): उत्तर मुंबई की सड़कें फिर चर्चा में हैं — ट्रैफिक की रफ्तार बढाने, मैंग्रोव्स इलाके में बढ़ते अतिक्रमण हटाने और अधूरी विकास परियोजनाओं को पूरा करने के मुद्दे पर बोरीवली में एक लंबी समीक्षा बैठक चली। केंद्रीय मंत्री और स्थानीय सांसद पीयूष गोयल ने अधिकारियों से दो टूक कहा — “अब बहाने नहीं, परिणाम चाहिए।”
मनपा के आर-उत्तर विभागीय कार्यालय में हुई इस बैठक में बीएमसी, जिलाधिकारी, म्हाडा, एमएमआरडीए, एसआरए, ट्रैफिक पुलिस और राष्ट्रीय उद्यान के अधिकारी मौजूद थे। बैठक के दौरान गोयल ने ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर नाराज़गी जताई और कहा कि हाइवे पर ट्रक और भारी वाहनों की आवाजाही को भीड़भाड़ के समय रोकना जरूरी है। उन्होंने बीएमसी को महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास प्राधिकरण (एमएसआरडीसी) के अधीन आने वाले आरे, वाकोला और विक्रोली फ्लाईओवर की सड़कों को दोबारा रिसर्फेसिंग (पुनर्पुष्टीकरण) करने का निर्देश दिया। गोयल ने कहा कि कई स्थानों पर सड़कें कंक्रीटीकरण के बाद भी असमान हैं, जिससे ट्रैफिक का दबाव बढ़ता है।

ट्रैफिक जाम पर सख्ती:

मंत्री ने कहा कि उत्तर मुंबई में अधिकांश सड़कों का कंक्रीटीकरण पूरा हो चुका है, लेकिन “समस्या गाड़ियों की नहीं, प्रबंधन की है।” उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करने और पीक आवर्स में भारी वाहनों की रोकथाम का आदेश दिया।

भगवती अस्पताल की तैयारी पूरी:

गोयल ने बताया कि बोरीवली का भगवती अस्पताल अब तैयार है और इसे चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।
साथ ही, आठ नए स्थानों पर सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण का निर्णय भी लिया गया है ताकि स्थानीय नागरिकों को सुविधा मिले।

मैंग्रोव्स क्षेत्र में अतिक्रमण पर कार्रवाई तय:

बैठक में गोयल ने मैंग्रोव्स क्षेत्र में तेजी से बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता जताई और कहा कि “हरियाली को कंक्रीट से ढकने नहीं दिया जाएगा।” उन्होंने मैंग्रोव्स सेल और उपनगर जिलाधिकारी कार्यालय को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि “अगर अतिक्रमण नहीं रुका तो जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई होगी।” बैठक के दौरान मनपा आयुक्त भूषण गगराणी, एमएमआरडीए आयुक्त संजय मुखर्जी, अतिरिक्त आयुक्त विक्रम कुमार, जिलाधिकारी सौरभ कटियार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक खत्म हुई लेकिन सवाल बाकी हैं — ट्रैफिक कब सुधरेगा, अतिक्रमण कब रुकेगा और विकास कब ज़मीन पर दिखेगा? मुंबई की सड़कों पर फिलहाल जवाब ट्रैफिक सिग्नल की लाल बत्ती की तरह ही अटका हुआ है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com