- 2 साल बाद दुकानों में उमड़ी भीड़
मुंबई (सं. भा.) कोरोना का ग्रहण आखिरकार कट गया। दो साल बाद धनतेरस पर बाजारों में धनवर्षा देखने को मिली। त्योहारी मौसम में लोगों ने जमकर खरीदारी की। कोरोना के लॉकडाउन और सोने की कीमतों में महंगाई के चलते पिछले दो-ढाई साल तक औसत कारोबार करने वाले व्यापारियों की तिजोरी में धनतेरस पर जमकर धनवर्षा हुई, जिससे सराफा कारोबारियों की बांछें खिली दिखी। शाम को खरीदी मुहूर्त में उमड़ी भीड़ गहने, बर्तन और कपड़ों की दुकानों पर खरीददारी करती नजर आयी। देवोत्थान एकादशी के बाद शुरू होने वाले शादी के मौसम का असर इस त्यौहार पर साफ देखने को मिला। भारतीय संस्कृति में मुहूर्त और पर्वो पर की जाने वाली खरीददारी व्यापारियों के लिए हमेशा उम्मीद की किरण रहती है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों ने इस किरण की चमक फीकी कर दी थी। लेकिन दिन चढ़ने के साथ धंधे का आकार भी बढ़ने लगा। दक्षिण मुंबई स्थित कालबा देवी, भुलेश्वर, लोहार चाल, मुंबा देवी आदि व्यवसायिक केंद्र वाली गलियों के बाजारों में रौनक दिखाई दी।
कालबादेवी की गलियों में भीड़-भाड़
हिंदू-मुस्लिम समेत सभी व्यापारियों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखी। पांजरापोल, बर्तन बाजार, कपड़ा मार्केट, झवेरी बाजार एवं मस्जिद बंदर में बही-खातों की दुकानों पर भी व्यापारियों की भीड़ रही। कुमार जैन एवं अनिल जैन ने बताया कि यह धनतेरस सभी के लिए शानदार रहा। पूर्वी और पश्चिमी उपन बाजारों में भी धनतेरस पर जोरदार ग्राहकी देखने को मिली। चूंकि धनतेरस पर सबसे ज्यादा कारोबार आभूषण के क्षेत्र में होता है, इसलिए लोग गहनों की खरीददारी में ज्यादा रुचि दिखाते हैं।
पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में रही बूम
इस बार खरीदी मुहूर्त शाम को 6 बजे के बाद था, जिसके चलते ग्राहकों की अधिकतर भीड़ ज्वेलरों की दुकानों पर शाम के बाद देखने को मिली। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। ज्यादातर लोगों ने सोने और चांदी के सिक्के खरीदने में रुचि दिखाई।
दो घंटे बाद नंबर आया
नारणदास मनोरदास में चांदी के सिक्के खरीदने के लिए करीब 400 लोगों की लाइन लगी थी। मेरा नंबर 2 घंटे बाद आया। देखा जाए तो मार्केट में पैसे की कमी है, फिर भी लोग धनतेरस के शुभ मौके पर अवश्य खरीदारी करते हैं और इस साल भी यही हुआ। पश्चिमी उपनगर के अंधेरी, गोरेगांव, मालाड, बोरीवली आदी क्षेत्रों में भी धनतेरस के दिन लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। मालाड पश्चिम का स्टेशन रोड और नटराज मर्केट में लोगों की इतनी ज्यादा भीड़ थी कि पैर रखने की जगह नही मिल पा रही थी।
उम्मीद से ज्यादा
धनतेरस पर हमें अच्छे धंधे की उम्मीद थी। भगवान की कृपा से अच्छा धंधा हुआ। अधिकांश माल बिक गए। इस साल महंगाई बेअसर दिखी- गौरव जैन, साई ज्वेलर्स मालाड (प)


