फर्जी पत्रकार बन उगाही का धंधा बेनकाब
ठाणे (स भा): ठाणे में अधिकारियों को बदनाम कर उगाही करने वाले फर्जी पत्रकारों के गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। ठाणे क्राइम ब्रांच ने कार्रवाई करते हुए खुद को पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता बताने वाले दो आरोपियों को 20 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। आरोपियों पर झूठी शिकायतें, गलत खबरें फैलाने और निलंबन की धमकी देकर लंबे समय से अधिकारियों से वसूली करने के आरोप हैं।

मामला एक संयुक्त उप पंजीयक (डिप्टी रजिस्ट्रार) से जुड़ा है, जिन्हें तीन लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों का हवाला देकर निलंबन की धमकी दी और मानहानि की शिकायतें दर्ज करा दीं। पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उनके विरुद्ध मनगढ़ंत खबरें चलाने की कोशिश की और अंत में 20 लाख रुपये की मांग की।
शिकायत के बाद क्राइम ब्रांच की जबरन वसूली निरोधक टीम हरकत में आई और कलवा क्षेत्र के एक होटल के पास ट्रैप बिछाकर एक आरोपी को रिश्वत लेते ही दबोचा गया। दूसरा आरोपी मीरा-भाईंदर से गिरफ्तार किया गया। दोनों के मोबाइल और दस्तावेजों की जांच में उगाही से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

पुलिस के अनुसार आरोपियों पर उगाही, धमकी और साजिश की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। अदालत ने उन्हें 18 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। टीम अब इस रैकेट के तीसरे सदस्य की तलाश में जुटी है, जिसके इस ब्लैकमेलिंग कड़ी में शामिल होने की आशंका गहरी है।


