- यहाँ नवरात्र में रोज उमड़ती है हजारो भक्तों की भीड़
पालघर (सं. भा.) शारदीय नवरात्रि में लोग माता जगदंबा की कृपा पाने के लिए आसपास के देवी मंदिरों में मत्था टेकने जाते है इसी कड़ी में दहानू के महालक्ष्मी माता मंदिर में प्रतिदिन भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। दहानू रेलवे स्टेशन पूर्व से 25 किलोमीटर की दूरी पर मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे विवलवेढे में महालक्ष्मी माता के दो मंदिर है एक गड की तलहटी में और दूसरा गड के ऊपर बनाया गया है जहां पर नवरात्रि के दौरान भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।
आदिवासी पुजारी पीढियों से करते हैं पूजा
खास बात यह है कि इन दोनों मंदिरों में देवी की पूजा आदिवासी पुजारियों द्वारा की जाती है। महालक्ष्मी माता को आदिवासियों की आदी माता के रूप में भी जाना जाता है। प्रत्येक वर्ष चैत्र पूर्णिमा पर 15 दिन तक गड़ की तलहटी पर स्थित मंदिर में भव्य यात्रा होती हैं। इस दौरान दिन भर में लाखों भावीक माता के दर्शन के लिए आते हैं। पूरे वर्ष में देवी के बार्शी और नवरात्रि यात्रा जैसे उत्सव मनाये जाते हैं। यहां के भक्तों का मानना है कि यह मन्नत पूरी करने वाली माता हैं। महालक्ष्मी ट्रस्ट के अध्यक्ष संतोष देशमुख ने बताया कि नवरात्रि उत्सव के दौरान भक्तों की भीड़ को देखते हुए उनकी सुरक्षा के लिए मंदिर क्षेत्र में कई सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ कुछ स्वयंसेवकों को भी नियुक्त किया गया है। साथ ही श्रद्धालुओं को असुविधा न हो इसके लिए ट्रस्ट की ओर से पेयजल की भी व्यवस्था की गई है।



