spot_img
Homeमुंबईदहिसर में मासूम से दरिंदगी: डेढ़ साल की बच्ची किडनैप, आरोपी रिश्तेदार...

दहिसर में मासूम से दरिंदगी: डेढ़ साल की बच्ची किडनैप, आरोपी रिश्तेदार गिरफ्तार

मुंबई (सं.भा.): महानगर में एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। दहिसर इलाके में डेढ़ साल की मासूम बच्ची के अपहरण और दुष्कर्म के आरोप में एमएचबी कॉलोनी पुलिस ने 25 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पीड़िता के पिता का रिश्तेदार बताया जा रहा है।

घटना 10 फरवरी की सुबह की है, जब बच्ची अपने घर से लापता पाई गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसके आधार पर पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच के दौरान पता चला कि बच्ची को दहिसर की एक सुनसान जगह पर ले जाया गया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर बच्ची को एक नाले के पास से बरामद किया। गंभीर हालत में उसे तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची के निजी अंगों में गंभीर चोटें थीं। स्थिति नाजुक होने के कारण उसे सेंट्रल मुंबई के एक सुपर स्पेशियलिटी सरकारी अस्पताल में रेफर किया गया, जहाँ उसी दिन सर्जरी की गई। डॉक्टरों ने बताया कि इलाज के बाद बच्ची की सेहत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

एमएचबी कॉलोनी पुलिस के मुताबिक, आरोपी मजदूरी करता है और पीड़िता के परिवार के पड़ोस में ही रहता था। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पुलिस आयुक्त से बात कर विस्तृत और निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल प्रशासन को बच्ची को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है। शिवसेना प्रवक्ता शायना एनसी ने बयान जारी कर कहा कि संबंधित एजेंसियां जांच में तेजी लाएं और दोषी को कड़ी सजा मिले। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com