मुंबई (सं.भा.): छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर दिए गए एक कथित बयान के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), मुंबई ने रविवार को दादर (पूर्व) में “छत्रपति सम्मान मोर्चा” का आयोजन किया। प्रदर्शन स्वामी नारायण मंदिर के समक्ष किया गया, जहाँ कार्यकर्ताओं ने संबंधित बयान की निंदा करते हुए सार्वजनिक माफी की मांग उठाई।
भाजयुमो के अनुसार, यह मोर्चा महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ द्वारा छत्रपति शिवाजी महाराज की तुलना टीपू सुलतान से किए जाने के विरोध में निकाला गया। मोर्चे में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और शिवप्रेमियों की उपस्थिति रही। मोर्चे का नेतृत्व भाजयुमो मुंबई अध्यक्ष एवं नगरसेवक तेजिंदर सिंह तिवाना ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में छत्रपति शिवाजी महाराज के सम्मान की रक्षा का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर तेजिंदर सिंह तिवाना ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्रगौरव, हिंदवी स्वराज्य और भारतीय अस्मिता के प्रतीक हैं। उन्होंने बयान को “ऐतिहासिक दृष्टि से अनुचित” बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से तत्काल सार्वजनिक माफी की मांग की। भाजयुमो ने अपने वक्तव्य में स्पष्ट किया कि छत्रपति शिवाजी महाराज के सम्मान से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं है।


