भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी
मनपा और महावितरण पर बढ़ा दबाव
वसई(स भा)। वसई-विरार मनपा क्षेत्र में सड़कों के किनारे लगे स्ट्रीट पोल और महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड (एमएसईबी) के खंभों पर अव्यवस्थित और जानलेवा तरीके से लटके हुए बिजली के तार अब आम नागरिकों के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। कई इलाकों में ये तार या तो हवा में झूल रहे हैं या फिर ज़मीन तक लटक चुके हैं, जिससे राहगीरों, बच्चों और वाहन चालकों को भारी असुविधा और जान का जोखिम उठाना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर भाजपा ने अब कड़ा रुख अपनाया है और आंदोलन की चेतावनी दी है।
यह समस्या खासकर नालासोपारा के अचोले रोड, गाला नगर, प्रगति नगर, तुलिंज रोड और विरार के म्हाडा, बोलीज, मोहक सिटी रोड, ग्लोबल सिटी रोड, नारंगी और आचोले रोड जैसे इलाकों में ज़्यादा विकट है, जहाँ जगह-जगह बिजली के तार ख़तरनाक तरीके से लटके हुए हैं।
भाजपा ज़िला युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष राजन सिंह ने इस मुद्दे पर आवाज़ उठाई है। उन्होंने मनपा और महावितरण विभाग से कड़ी मांग की है कि ऐसे तारों को तुरंत व्यवस्थित किया जाए या जहाँ संभव हो, उन्हें भूमिगत किया जाए। सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि समय पर कार्रवाई नहीं की गई, तो युवा मोर्चा को आम जनता की सुरक्षा के लिए आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।


