महिला की मौत, तीन घायल
वसई(स भा): रविवार सुबह विरार पश्चिम के अर्नाला में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ऑटो रिक्शा और एसटी बस की भीषण टक्कर हो गई. इस घटना में 55 वर्षीय कल्पना कोलगे नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो रिक्शा चालक सहित तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा रविवार सुबह करीब 9 बजे अर्नाला सोसायटी के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, अर्नाला डिपो की एक बस शिर्डी के लिए रवाना हो रही थी, जबकि ऑटो रिक्शा विरार से अर्नाला की ओर आ रहा था. बताया जा रहा है कि एसटी चालक द्वारा ओवरटेक करने के प्रयास में बस और रिक्शा में जोरदार टक्कर हो गई.
टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो रिक्शा में सवार कल्पना कोलगे (55), जो अर्नाला के पुराने कोलीवाड़ा इलाके की निवासी थीं, के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. हादसे में रिक्शा चालक और दो अन्य यात्री भी घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ओवरटेकिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानी के महत्व को उजागर किया है.


