स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
मुंबई(स भा): मुंबई में इस साल मलेरिया और चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या में भारी बढ़ोतरी देखी गई है, जिसके बाद मनपा प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने का आदेश दिया है। जनवरी से जुलाई महीने तक मलेरिया के 4151 और चिकनगुनिया के 265 मामले दर्ज किए गए हैं। पिछले साल इसी अवधि की तुलना में इस साल चिकनगुनिया के मामलों में 476% और मलेरिया के मामलों में 45% की वृद्धि हुई है।
डेंगू के मामले भी बढ़े हैं, और 1160 मरीज मिले हैं, जबकि लेप्टोस्पायरोसिस के 244 मामले दर्ज किए गए हैं। इन बीमारियों को रोकने के लिए, उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। इसके अलावा, कीटनाशकों का छिड़काव, फॉगिंग और जागरूकता अभियान भी तेज कर दिए गए हैं।
बीएमसी की कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दक्षा शाह के अनुसार, प्रदूषण और रुक-रुक कर होने वाली बारिश के कारण मरीजों की संख्या बढ़ी है। उन्होंने नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी को अपने घरों, छतों, पार्किंग, बगीचों और स्विमिंग पूल जैसी जगहों पर पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। इससे मच्छरों के प्रजनन को रोकने में काफी मदद मिलेगी। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए “शून्य मच्छर प्रजनन अभियान” शुरू किया गया है। अभियान के तहत 8,16,089 झोपड़ियों और 52,593 भवन परिसरों में फॉगिंग की गई है। साथ ही, मनपा कर्मियों ने 14,39,978 घरों का सर्वेक्षण भी किया है।
डॉक्टरों की सलाह
डॉक्टरों के अनुसार, चिकनगुनिया के मामले एडीज मच्छरों के प्रजनन के कारण बढ़े हैं। कभी-कभी यह डेंगू और इन्फ्लूएंजा जैसे अन्य वायरस के साथ सह-संक्रमण की वजह से भी हो सकता है। बुजुर्ग और कम प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग इन बीमारियों से ज्यादा प्रभावित होते हैं। डॉक्टरों ने लोगों को जल-जमाव न होने देने, पूरी बाजू के कपड़े पहनने, मच्छर भगाने वाली क्रीम का इस्तेमाल करने और तेज बुखार, जोड़ों में दर्द या चकत्ते जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की सलाह दी है।


