फतेहपुर (सं.भा.) भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली की कटौती लोगों की मुश्किलों को और बढ़ा रही है। ऐसे समय में यदि कई दिनों तक पूरे गांव की बिजली गुल हो जाए तो हालात और भी गंभीर हो जाते हैं। फतेहपुर जिले की बिंदकी तहसील अंतर्गत मुरादीपुर गांव के लोग पिछले पांच दिनों से इसी समस्या का सामना कर रहे हैं। ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो गया है।
मालवा ब्लॉक के चौडगरा पावर हाउस अंतर्गत आने वाले मुरादीपुर गांव का ट्रांसफार्मर पिछले पांच दिनों से खराब पड़ा है। ग्रामीण बाबूलाल, रामप्रकाश, सूरज और बदलू ने बताया कि ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद से गांव में अंधेरा छाया हुआ है। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी के कारण सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को हो रही है। रात में बिजली न होने से लोगों की नींद हराम हो गई है, वहीं दिन में उमस और गर्म हवाओं के कारण घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है।
बिजली आपूर्ति ठप होने से गांव में पेयजल संकट भी गहरा गया है। मोटरें बंद होने के कारण पानी की व्यवस्था प्रभावित हुई है और लोगों को पीने के पानी के लिए अतिरिक्त परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार और विद्युत विभाग 24 से 48 घंटे के भीतर ट्रांसफार्मर बदलने के दावे करते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है।
लगातार शिकायतों के बावजूद समय पर कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं इस संबंध में विद्युत उपखंड बिंदकी रोड के जूनियर इंजीनियर सुंदरम यादव ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध हो चुका है और उसे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद गांव की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी और उम्मीद है कि कल तक सप्लाई शुरू हो जाएगी।


