मुंबई (सं. भा.)। मालवणी पुलिस थाने के अंतर्गत आने वाले धारवली गांव में बनाए गए एक गोदाम में प्रतिबंधित गुटखा जमा कर रखा गया था। इसकी जानकारी मिलते ही मालवणी पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक अर्जुन रजाने के नेतृत्व में पुलिस दल ने छापा मार कर वहां से करीब साढ़े आठ लाख रुपए का गुटखा जब्त किया है। उक्त कार्रवाई शुक्रवार की शाम को किया गया जिसमें गोपाल जैसवाल नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मालवणी चर्च में रहने वाला प्रदीप जैसवाल (४२) फरार हुआ है। मालवणी पुलिस ने भा. द. वि. की धारा ३२८, १८८, २७२, २७३, ३४ के तहत मामला दर्ज किया है। दूसरी ओर कांदिवली पश्चिम, गणेश नगर के ९० फीट रोड पर गोदाम बना कर वहां से प्रतिबंधित गुटखा का अवैध कारोबार करने वाला ब्रिजेश चौरसिया पर कांदिवली पुलिस कब कार्रवाई करेगी। ऐसा सवाल स्थानीय लोग पूछते दिखाई दे रहे हैं।

गौरतलब है कि उत्तर मुंबई के अंतर्गत आने वाले मालाड का मालवणी, कांदिवली का गणेश नगर, बोरीवली पश्चिम, लिंक रोड पर बना गणपत पाटील नगर, कांदिवली पूर्व का हनुमान नगर, कुरार गांव, पठान वाड़ी आदि झोपड़पट्टी क्षेत्र गुटखा माफियाओं ने बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित गुटखा को छिपा कर रखने के लिए अवैध गोदाम बना रखे हैं। पुलिस द्वारा समय-समय पर कार्रवाई किए जाने के बावजूद यह अवैध धंधा रुकने का नाम नही ले रहा है। इसी कड़ी में मालवणी चर्च में रहनेवाले प्रदीप जैसवाल और गोपाल जैसवाल ने आक्सा बीच के पास के धारावली गांव में प्रतिबंधित गुटखा को छिपा कर रखने के लिए अवैध रुप से गोदाम बना रखा था।


