spot_img
Homeउत्तर प्रदेशफतेहपुर: सरकारी भूमि से कब्जा हटाने की कार्रवाई बनी साजिश की वजह,...

फतेहपुर: सरकारी भूमि से कब्जा हटाने की कार्रवाई बनी साजिश की वजह, लेखपाल को फंसाने की रची गई योजना, जांच में आरोप निराधार, बहाली

✍️ (सं भा.):फतेहपुर

फतेहपुर जनपद की बिंदकी तहसील अंतर्गत ग्राम सभा साई में तैनात लेखपाल कुलदीप कुमार सिंह को लेकर उठे विवाद के पीछे अब साजिश का पूरा एंगल सामने आया है। प्रशासनिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि सरकारी भूमि से कब्जा हटाने की वैधानिक कार्रवाई के बाद लेखपाल को फंसाने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से शिकायतें और भ्रामक प्रचार किया गया। जांच में आरोप निराधार पाए जाने के बाद लेखपाल की बहाली कर दी गई है।

 

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, ग्राम प्रधान साई सुरेंद्र सिंह द्वारा दिए गए शिकायत प्रार्थना पत्र पर उपजिलाधिकारी/तहसीलदार के आदेश के उपरांत सरकारी भूमि से कब्जा हटाने की कार्रवाई की गई थी। यह कार्रवाई राजस्व निरीक्षक रघुराज तथा ग्राम प्रधान की मौजूदगी में नियमानुसार संपन्न कराई गई थी। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक आदेश और राजस्व नियमों के तहत की गई थी।

सूत्र बताते हैं कि इसी वैधानिक कार्रवाई से नाराज कुछ स्थानीय लोग और हितबद्ध तत्व लेखपाल से व्यक्तिगत रंजिश रखने लगे। आरोप है कि इसके बाद लेखपाल को फंसाने के उद्देश्य से साजिश रची गई और अधिकारियों को गुमराह करने के लिए तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर प्रस्तुत किया गया।

इस पूरे प्रकरण में कुछ तथाकथित पत्रकारों और स्थानीय विरोधियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में बताई जा रही है, जिन्होंने एकतरफा और अप्रमाणित जानकारी के आधार पर खबरें प्रसारित कर माहौल बनाने की कोशिश की। इन खबरों के माध्यम से न केवल प्रशासन को भ्रमित करने का प्रयास किया गया, बल्कि एक सरकारी कर्मचारी की छवि धूमिल करने की भी कोशिश की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए लेखपाल को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया था। जांच के दौरान राजस्व अभिलेख, मौके की स्थिति, ग्राम प्रधान का प्रार्थना पत्र, उच्चाधिकारियों के आदेश और संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट का गहन परीक्षण किया गया।

 

जांच समिति की रिपोर्ट में यह साफ तौर पर सामने आया कि कब्जा हटाने की कार्रवाई पूरी तरह वैधानिक थी और लेखपाल द्वारा कोई मनमानी नहीं की गई। शिकायत के आधार बने ऑडियो और अन्य आरोप भी जांच में प्रमाणिक और निर्णायक नहीं पाए गए। इसके बाद विभागीय स्तर पर लेखपाल कुलदीप कुमार सिंह को दोषमुक्त करते हुए उनकी बहाली का निर्णय लिया गया।

जिला प्रशासन से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाना प्रशासन का दायित्व है और इस तरह की कार्रवाई के बाद कर्मचारियों को झूठे मामलों में फंसाने की प्रवृत्ति चिंताजनक है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि झूठी शिकायतें करने और भ्रम फैलाने वालों के खिलाफ आगे सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

लेखपाल की बहाली के बाद क्षेत्र में यह स्पष्ट संदेश गया है कि प्रशासन किसी दबाव, साजिश या भ्रामक प्रचार में नहीं आता, बल्कि तथ्यों, आदेशों और कानून के आधार पर ही निर्णय लेता है। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी विवाद की स्थिति में अधिकृत मंचों का ही सहारा लें।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com