नागेंद्र शुक्ला
फतेहपुर (सं.भा.): कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बडौरी टोल प्लाजा के पास मवेशियों से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने पूर्व विधायक की कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पूर्व विधायक, उनके गनर और चालक घायल हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार चांदपुर थाना क्षेत्र के कौह गांव निवासी पूर्व भाजपा विधायक आदित्य पांडेय रविवार शाम निजी कार से फतेहपुर से कानपुर स्थित अपने आवास लौट रहे थे। कार में उनके साथ चालक और निजी गनर भी मौजूद थे। जैसे ही वाहन कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बडौरी टोल प्लाजा के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे मवेशियों से लदे एक अनियंत्रित ट्रक ने कार में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार सवार तीनों लोग घायल हो गए। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन टोल कर्मियों की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक को कुछ ही दूरी पर रोक लिया गया।
पूर्व विधायक आदित्य पांडेय का आरोप है कि ट्रक चालक हसनान उर्फ एहसान ने न केवल लापरवाही से वाहन चलाया, बल्कि हादसे के बाद उनके गनर को कुचलने का भी प्रयास किया। घटना के बाद पूर्व विधायक ने ट्रक और चालक को पुलिस के हवाले करते हुए लिखित तहरीर सौंपी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को इलाज और मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। ट्रक को थाने में खड़ा करा दिया गया है, जबकि चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में कल्याणपुर थाना प्रभारी अखिलेश यादव से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि वह उस समय एक बैठक में थे, जिस कारण प्रारंभिक जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


