मुंबई (सं. भा.)। दहिसर मे कल १५०० परिवार पर चूल्हा बंदी की नौबत आन पड़ी। ये चूल्हा बंदी यहां चल रहे मैट्रों कार्य से क्षतिग्रस्त हुई गैस पाइप लाइन की वजह से हुई है। इसमें से कई लोगों को घंटों भूखा रहना पड़ा। फिलहाल क्षतिग्रस्त पाइप लाइन को लेकर एमएमआरडीए एमटीएनएल पर ठीकरा फोड़ रहा है। बता दें कि कल आनंद नगर लिंक रोड़ के पास गैस की मेन पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। नतीजतन आनंद नगर के त्रिमूर्ति सोसाइटी, एन. एल.काम्प्लेक्स आदिक में गैस की आपूर्ति ठप पड़ गई। यहां रह रहे लगभग १५०० परिवार के घरों में शाम से चूल्हा नहीं जला। त्रिमूर्ति सोसाइटी के निवासी व शिक्षक राजेश पंड्या ने बताया कि मैट्रों के काम ने जीना हराम कर दिया है। रात को ८ बजे तक कुछ लोगों के घर चूल्हा जला तो कुछ लोग अब भी सप्लाई का इंतजार कर रहे हैं। इस संदर्भ में महानगर गैस की प्रवक्ता नीरा अस्थाना ने कहा कि प्राथमिक तौर पर यह सूचना मिली कि मैट्रों के काम के चलते पाइप डैमेज हुई है। जबकि एमएमआरडीए के उक्त क्षेत्र के अधिकारी एस. पी. कुलकर्णी ने कहा कि पाइपलाइन एमटीएनएल द्वारा किए जा रहे काम के कारण डैमेज हुई है।


