spot_img
Homeक्राइमसरकार का कड़ा संदेश, लेकिन 'मूड बार' पर संरक्षण के आरोप

सरकार का कड़ा संदेश, लेकिन ‘मूड बार’ पर संरक्षण के आरोप

मुंबई (सं.भा.) : महाराष्ट्र विधानसभा के मानसून अधिवेशन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ऑर्केस्ट्रा बारों में नियमों के उल्लंघन और अश्लील गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए और अधिक कड़ा कानून बनाने की बात कही है। इसी बीच मुंबई पुलिस ने भी शहर के 11 ऑर्केस्ट्रा बारों के लाइसेंस 30 दिनों के लिए निलंबित कर सख्त कार्रवाई की है। हालांकि, इस कार्रवाई के बीच मालाड पश्चिम के एस.वी. रोड स्थित मूड बार को लेकर कई गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस बार पर पिछले कुछ समय में कई बार पुलिस कार्रवाई होने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई।

मुंबई पुलिस ने फर्जी ग्राहकों को भेजकर सबूत जुटाने के बाद डीबी मार्ग क्षेत्र के सेनोरिटा बार, सफायर बार, सनशाइन पंजाब बार, राज पैलेस बार और ब्लू डायमंड बार, अंधेरी के कमांडो बार व उर्वशी बार, अंबोली के साई पैलेस स्थित विलास लंच होम, दहिसर के चिरंजीवी बार तथा मलाड के स्वागतम बार के लाइसेंस 30 दिनों के लिए निलंबित कर दिए। पुलिस का कहना है कि इन बारों में ऑर्केस्ट्रा की आड़ में नियमों का उल्लंघन और अश्लील प्रदर्शन किया जा रहा था।

वहीं, मालाड पश्चिम के एस.वी. रोड स्थित मूड बार को लेकर स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां भी पिछले कुछ समय में कई बार पुलिस कार्रवाई हुई, लेकिन इसके बावजूद लाइसेंस निलंबन जैसी कोई कठोर दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार संचालक एवं उसकी देखरेख करने वाला व्यक्ति खुलेआम अपने राजनीतिक संरक्षण और वरिष्ठ अधिकारियों से कथित संबंध होने की बात कहता है तथा दावा करता है कि इसी कारण उसके खिलाफ चाहे जितनी कार्रवाई हो, कोई बड़ा कदम नहीं उठाया जाएगा।

स्थानीय नागरिकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट करने की मांग की है कि यदि नियमों के उल्लंघन पर अन्य बारों के लाइसेंस निलंबित किए जा सकते हैं, तो समान आरोपों के बावजूद मूड बार के मामले में अब तक ऐसी कार्रवाई क्यों नहीं की गई। लोगों ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी पाए जाने पर समान कानून के तहत कार्रवाई की मांग की है। वहीं, मुंबई पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी बार को बख्शा नहीं जाएगा और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com