मुंबई (सं.भा.) : फिल्मी दुनिया में काम दिलाने के नाम पर महिलाओं को झांसे में लेने वाले गिरोह का एक और सदस्य पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। शॉर्ट फिल्म में मुख्य अभिनेत्री का रोल दिलाने का लालच देकर एक महिला को गोवा ले जाकर उसके साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किए जाने और घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की साजिश के मामले में समतानगर पुलिस ने पांचवें आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है।
समतानगर पुलिस ने इस मामले में रमेशचंद्र दिवाकर गुप्ता (45) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वह पेशे से कैमरामैन है और कथित साजिश में उसकी भी भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया। इस गिरफ्तारी के साथ मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपियों ने 36 वर्षीय महिला को शॉर्ट फिल्म में मुख्य भूमिका दिलाने का झांसा देकर मुंबई से गोवा बुलाया। वहां उसके साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की योजना बनाई गई, ताकि पीड़िता पर दबाव बनाया जा सके।
इससे पहले पुलिस सोनू गुप्ता, सोनिया सोनू गुप्ता, समशेर यूसुफअली और सलमान मेहबूब परवेज को गिरफ्तार कर चुकी है। अब रमेशचंद्र दिवाकर गुप्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूरे नेटवर्क और साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
समतानगर पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है। यदि जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।


