spot_img
Homeमुंबईग्रंथ मौत कांड: मनपा ने गठित की जांच समिति

ग्रंथ मौत कांड: मनपा ने गठित की जांच समिति

  • पारदर्शिता पर उठे सवाल

मीरा-भाईंदर (सं. भा.) मीरा-भाईंदर मनपा के स्विमिंग पूल में 20 अप्रैल को 11 वर्षीय ग्रंथ मुथा की दुखद मृत्यु के बाद मनपा प्रशासन ने इस हादसे की गहन जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। समिति में मनपा के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संभाजी पानपट्टे, शहर अभियंता दीपक खांबित और खेल अधिकारी दीपाली जोशी को शामिल किया गया है।

ग्रंथ, भाईंदर पश्चिम के निवासी थे और एक निजी एजेंसी द्वारा आयोजित समर कैंप के दौरान स्व. गोपीनाथ मुंडे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के स्विमिंग पूल में तैराकी सीखते समय हादसे का शिकार हो गए। मनपा ने उक्त स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का संचालन पांच वर्षों के लिए साहस चैरिटेबल ट्रस्ट को सौंपा था। हादसे के बाद मनपा ने ट्रस्ट को जिम्मेदार ठहराते हुए डिपॉजिट जप्त करने और ठेका रद्द करने की चेतावनी के साथ कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

ट्रस्ट ने जवाब में दावा किया कि स्विमिंग पूल के पास सभी सुरक्षा उपाय लागू थे और प्रमाणित लाइफगार्ड भी नियुक्त थे।

इस बीच, आरटीआई और सामाजिक कार्यकर्ता जतिन दाधीच ने जांच समिति की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जिस खेल अधिकारी पर सुरक्षा उपायों की निगरानी की जिम्मेदारी थी, उसे ही जांच समिति में शामिल करना निष्पक्षता पर संदेह पैदा करता है। दाधीच के अनुसार, मृतक की उम्र और हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए महिला एवं बाल कल्याण विकास विभाग के किसी अधिकारी को जांच समिति में शामिल करना अधिक उपयुक्त होता।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com