मुंबई (सं. भा.): महानगर में इन दिनों गर्मी के साथ बढ़ी उमस ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले एक सप्ताह तक मुंबईकरों को चिपचिपी गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है।
शहर में तापमान लगातार सामान्य से ऊपर बना हुआ है। दिन के समय तेज धूप के कारण पारा 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है, वहीं रात के समय भी गर्मी कम नहीं हो रही। इसके साथ हवा में नमी का स्तर अधिक रहने से उमस और ज्यादा महसूस हो रही है।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक समुद्र से आने वाली नम हवाएं और मौसम में बदलाव के कारण आर्द्रता बढ़ी हुई है, जिससे लोगों को ज्यादा पसीना और बेचैनी महसूस हो रही है। खासकर दोपहर के समय हालात ज्यादा परेशान करने वाले बन रहे हैं।
डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने लोगों को सलाह दी है कि तेज धूप में बाहर निकलने से बचें, शरीर को हाइड्रेट रखें और हल्के व सूती कपड़ों का इस्तेमाल करें। बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।
फिलहाल मौसम के मिजाज को देखते हुए मुंबईकरों को अगले कुछ दिनों तक गर्मी और उमस का सामना करना पड़ेगा।


