मुंबई (सं. भा.) : घाटकोपर होर्डिंग्स हादसे के बाद बीएमसी मुंबई में काफी सतर्कता बरत रही है। बीएमसी ने मुंबई में सभी छोटे-बड़े होर्डिंग्स की लिस्ट मंगाई है। इसमें पता चला है कि सरकारी, प्राइवेट सहित अन्य इमारतों पर कुल 400 छोटे- बड़े होर्डिंग्स लगे हैं। हालांकि इन होर्डिंग्स के साइज छोटे है, लेकिन यह कभी भी बड़ा खतरा बन सकते है। बीएमसी के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई में सभी होर्डिंग्स का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा। इससे यह पता चल जाएगा कि होर्डिंग्स मजबूत है या नहीं। मुंबई में करीब 1100 होर्डिंग्स है। इनमें से 70 होर्डिंग्स डिजिटल है।

अधिकारी ने बताया कि इस तरह की दुर्घटना वर्ष 2019 में चर्चगेट स्टेशन पर हुई थी, जहां होर्डिंग का हिस्सा गिरने से उसकी चपेट में आए एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। इसलिए घाटकोपर दुर्घटना के बाद बीएमसी ने बिल्डिंग पर लगे होर्डिंग्स की सुरक्षा जांच कराने का फैसला लिया है, जिससे इस तरह की किसी भी दुर्घटना को टाला जा सके। बता दें कि 13 मई को घाटकोपर होर्डिंग हादसे में 16 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद बीएमसी मुंबई में ओवरसाइज होर्डिंग्स को लेकर सख्त हो गई है। बीएमसी ने रेलवे परिसर में ओवरसाइज 99 होर्डिंग्स को तत्काल हटाने के लिए डिजास्टर मैनेजमेंट ऐक्ट के तहत निर्देश दिया है। हालांकि इसको लेकर अभी विवाद चल रहा है। इसके बावजूद बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी ने स्पष्ट किया है कि रेलवे को ओवरसाइज होर्डिंग्स को तत्काल हटाना पड़ेगा।


