- महाशिवरात्रि पर निकलेगी भव्य कलश यात्रा
मुंबई (सं. भा.) – बोरीवली विधायक संजय उपाध्याय के नेतृत्व में महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रयागराज के पवित्र जल की भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस विशेष आयोजन का उद्देश्य उन श्रद्धालुओं को प्रयागराज के पवित्र जल से स्नान और आचमन का अवसर देना है, जो महाकुंभ में स्नान से वंचित रह गए।
विधायक संजय उपाध्याय ने एक पत्रकार परिषद में बताया, “प्रयागराज से महाकुंभ का पवित्र जल लाकर बोरीवली के सभी सनातनी श्रद्धालुओं और उन भक्तों के लिए स्नान व आचमन की विशेष व्यवस्था की गई है, जो प्रयागराज नहीं जा सके।”

भाजपा महासचिव दिनेश झाला स्वयं प्रयागराज से 30 हजार लीटर पवित्र जल लेकर आने वाले हैं। गोस्वामी कुल आचार्य श्री व्रजप्रिय जी मुरलीधर जी (छोटेबावा श्री) की प्रेरणा से यह जल 26 फरवरी, बुधवार को सुबह 6 बजे कोरकेंद्र ग्राउंड 5 नंबर पर पहुंचेगा। इसके बाद सुबह 7 से 10 बजे तक कोरकेंद्र ग्राउंड में स्नान और आचमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
पत्रकारों से बातचीत में विधायक संजय उपाध्याय ने बताया कि इस आयोजन के दौरान महाराजश्री के अमृत वचन और भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई है।
इस पत्रकार परिषद में अध्यक्ष सुरेंद्र गुप्ता, महासचिव दिनेश झाला, नीरव महेता, प्रसिद्धि प्रमुख नीला सोनी सहित बोरीवली और उत्तर मुंबई के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।


