ठाणे में दलाल गिरफ्तार
दो युवतियां छुड़ाई गई
ठाणे(स भा)। ठाणे शहर में ऑनलाइन ग्राहकों को लड़कियों की तस्वीरें भेजकर देह व्यापार का धंधा चलाने वाले एक दलाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ठाणे पुलिस की मानव तस्कर विरोधी इकाई ने 20 जून को होटल शिव वंदना लॉजिंग एंड बोर्डिंग में छापेमारी कर यह कार्रवाई की। इस दौरान दो पीड़ित युवतियों को देह व्यापार के चंगुल से छुड़ाया गया है, जबकि होटल मैनेजर और दो अन्य आरोपी फरार होने में कामयाब रहे।
ठाणे पुलिस आयुक्त के PRO शैलेश साल्वी ने बताया कि ठाणे पुलिस आयुक्त की मानव तस्कर विरोधी इकाई की वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक श्रीमती चेतना चौधरी को सूचना मिली थी कि ठाणे शहर में वंदना सिनेमा और राज्य परिवहन के वंदना बस डिपो के पास पुराने आगरा मुंबई राजमार्ग पर स्थित होटल शिव वंदना लॉजिंग एंड बोर्डिंग में देह व्यापार धड़ल्ले से चल रहा है।
इसी सूचना के आधार पर 20 जून को यह छापा मारा गया। बताया जाता है कि देह व्यापार करने वाले ये लोग ‘एस्कॉर्ट सर्विस’ के नाम पर गूगल के जरिए ऑनलाइन ग्राहकों को लड़कियों की तस्वीरें भेजकर उन्हें इस होटल में बुलाते थे। मानव तस्कर विरोधी इकाई ने ठाणे शहर के नौपाड़ा पुलिस स्टेशन में 1956 की धारा 4/5 के तहत देह व्यापार कराने पर मामला दर्ज कराया है। यह कार्यवाही ठाणे पुलिस उपायुक्त क्राइम ब्रांच के अमर सिंह जाधव और सहायक पुलिस आयुक्त विनय घोरपड़े के मार्गदर्शन में की गई है।


