गणेश नगर में बढ़ा क्राइम का ग्राफ
मुंबई (सं. भा.)। कांदिवली पश्चिम के न्यू लिंक रोड सहित गणेश नगर के एकता नगर में म्हाडा की खाली पड़ी जमीन पर तथा पृथ्वीराज चौहान गार्डन और महिला केंद्र के सामने के रोड पर गाड़ियों की अवैध पार्किंग का नाजायज धंधा धड़ल्ले से किया जा रहा है। स्थानीय लोगों की माने तो यह अवैध पार्किंग नशेड़ियों का अड्डा बना है। यहां पर चरसी, गर्दुल्ले और शराबियों का शाम ढलते ही जमावड़ा होने लगता है। बाद में यही लोग गणेश नगर के विभिन्न-विभिन्न इलाकों के घरों में चोरी की घटना को अंजाम देते हैं। यह कहना अतिश्योक्ति

नही होगी कि अवैध पार्किंग में बैठ कर नशा करने वाले नशाखोरों के कारण ही गणेश नगर में क्राइम का ग्राफ काफी बढ़ गया है।
गौरतलब है कि रविवार को सुबह पौने आठ बजे के करीब एकता नगर में ३० वर्षीय मनोज लालचंद चौहान नामक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। एकता नगर में म्हाडा की खाली पड़ी जमीन पर गाड़ियों की अवैध -पार्किंग कराई जाती है। म्हाडा की जमीन होने के बावजूद कुछ स्थानीय दबंग वहां ऑटो रिक्शा सहित अन्य गाड़ियों को खड़ी करने के लिए लोकल लोगों से भी जबरन पैसे वसूलते हैं।

भाजपा के पूर्व स्थानीय नगरसेवक कमलेश यादव की माने तो मनोज चौहान की हत्या के लिए अवैध पार्किंग ही जिम्मेदार है। ‘संगठन भारत’ को कमलेश यादव ने बताया कि उन्होंने जोन ११ के डीसीपी अजय बंसल के समक्ष भी अवैध पार्किंग का मुद्दा उठाया है और इससे क्षेत्र में बढ़े क्राइम को लेकर भी उनका ध्यान आकर्षित किया है।



