मुंबई, (सं.भा.) मुंबई में युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपराध शाखा को बड़ी सफलता मिली है। मालाड पश्चिम में की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कोडीन फॉस्फेट युक्त सिरप की अवैध तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान सामने आए सुरागों के आधार पर पुलिस ने नवी मुंबई तक छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित सिरप बरामद किया। इस कार्रवाई में करीब 52 लाख रुपये से अधिक मूल्य की 4,734 बोतलें जब्त की गई हैं।
जानकारी के अनुसार अपराध शाखा यूनिट-11, कांदिवली की टीम को मालाड पश्चिम क्षेत्र में नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और सप्लाई की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने एस.वी. रोड स्थित एक पेट्रोल पंप के निकट जाल बिछाकर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से कोडीन फॉस्फेट युक्त 153 बोतलें बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों में अर्सलान अनिश खान, विश्वकर्मा लालन माली और सोहिल सांगिर खान शामिल हैं, जबकि एक 17 वर्षीय किशोर को भी मामले में पकड़ा गया है। नाबालिग होने के कारण उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि इस अवैध कारोबार का बड़ा स्टॉक नवी मुंबई के खारघर क्षेत्र में छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां छापा मारकर 4,581 अतिरिक्त बोतलें बरामद कीं। इस तरह कुल 4,734 बोतलें जब्त की गईं, जिनकी बाजार कीमत लगभग 52 लाख 7 हजार 400 रुपये आंकी गई है।
मामले में मालाड पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सिरप की सप्लाई किन क्षेत्रों में की जा रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।


