spot_img
Homeमुंबईएसआरए इमारत का लोकार्पण

एसआरए इमारत का लोकार्पण

  • पुनर्वास से परे ‘सम्मानजनक जीवन’ की ओर बढ़ता कदम

मुंबई (सं. भा.) : कांदिवली (पश्चिम) के मेट्रो स्टेशन के निकट रविवार को भाजपा विधायक योगेश सागर ने एक 30 मंजिला एसआरए इमारत का लोकार्पण किया, जो केवल पुनर्वास नहीं, बल्कि सम्मानजनक और सुविधासंपन्न जीवन का प्रतीक बनकर उभरी है। इस इमारत में कम्युनिटी किचन, सोशल मीडिया स्टूडियो और तीन बेड वाला प्राथमिक अस्पताल जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कार्यक्रम में पूर्व नगरसेवक बाला तावडे और श्रीजी शरण ग्रुप ऑफ कंपनीज के डायरेक्टर मेहुल संघवी भी उपस्थित रहे।

लोकार्पण अवसर पर विधायक सागर ने कहा कि आमतौर पर एसआरए इमारतों को केवल पुनर्वास का माध्यम समझा जाता रहा है, जहां मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव होता है। लेकिन यह परियोजना इस सोच को चुनौती देती है और किसी प्राइवेट रियल एस्टेट प्रोजेक्ट से कम नहीं है।

पूर्व नगरसेवक बाला तावडे ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का सपना है कि हर झुग्गीवासी को एक पक्का, सुरक्षित और सम्मानजनक घर मिले। कांदिवली में यह सपना तेजी से साकार हो रहा है।

श्रीजी शरण ग्रुप के डायरेक्टर मेहुल संघवी ने कहा कि इस इमारत को मात्र पुनर्वास के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी के तहत एक समग्र जीवन-स्तर को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। हमारा प्रयास है कि यहां रहने वाले प्रत्येक नागरिक को एक सुरक्षित, बेहतर और आत्मसम्मानपूर्ण जीवन मिले।

RELATED ARTICLES

Most Popular

WP2Social Auto Publish Powered By : XYZScripts.com