नालासोपारा(सं.भा.) महाराष्ट्र में मराठी भाषा को बढ़ावा देने और रिक्शा चालकों को रोजगार संबंधी प्रक्रियाओं में सक्षम बनाने की दिशा में नालासोपारा में एक नई पहल शुरू की गई है। इस पहल के तहत रिक्शा चालकों के लिए विशेष मराठी भाषा प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में चालकों ने भाग लिया।
नालासोपारा (पूर्व) स्थित दुबे एस्टेट में सोमवार को मराठी भाषा प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। भारतीय जनता पार्टी वसई-विरार, महाराष्ट्र शासन परिवहन विभाग, राज्य मराठी विकास संस्था, कोकण मराठी साहित्य परिषद तथा मुंबई मराठी साहित्य संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा नेता अमित ओमप्रकाश दुबे, केंद्र संचालिका डॉ. सुरेखा धनावडे और प्रशिक्षण शिक्षिका रोहिणी राजेश जाधव के हाथों किया गया।
प्रशिक्षण वर्ग सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन दोपहर 2 से 4 बजे के बीच दो सत्रों में संचालित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में आरटीओ द्वारा रिक्शा परमिट और बैज के लिए मराठी भाषा की मौखिक परीक्षा लिए जाने की संभावना है। ऐसे में यह प्रशिक्षण रिक्शा चालकों के लिए उपयोगी साबित होगा। प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में 100 से अधिक रिक्शा चालकों ने भाग लिया और इस पहल के लिए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। भाजपा नेता अमित ओमप्रकाश दुबे के नेतृत्व में शुरू की गई इस सामाजिक पहल का उद्देश्य स्थानीय रिक्शा चालकों को मराठी भाषा में दक्ष बनाकर उन्हें भविष्य की प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए तैयार करना है।


